नीरज शर्मा की रिपोर्ट
छह माह से गंदे पानी की निकासी ना होने से जूझ रहे लोग
समस्या का समाधान नहीं होने से संक्रमण का बढ़ा खतरा
बुलंदशहर। जल निगम अफसरों की लापरवाही के चलते नगर की हंस विहार कालोनी के लोग करीब छह माह से जल निकासी की समस्या से जूझ रहे हैं। समस्या के समाधान को लेकर वह कई बार पालिका और प्रशासनिक अफसरों से गुहार लगा चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। वहीं, जलभराव होने से कालोनी में संक्रमण फैलने का खतरा मंडराने लगा है।
नगर में रेलवे द्वारा नए ट्रैक का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस दौरान रेलवे पटरी के सहारे बसी कालोनी में घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी बंद हो गई। हंस विहार कालोनी निवासी देवदत्त लोधी ने बताया कि करीब छह माह से कालोनी का पानी कालोनी में ही एकत्र हो रहा है। पानी निकासी न होने से घरेलू कामकाज करने में परेशानियां आ रही है। पानी निकासी को लेकर कई बार पालिका अफसर और प्रशासनिक अधिकारियों को पत्र देकर शिकायत की जा चुकी है। वहीं, अनूप चौधरी ने बताया कि पानी निकासी न होने से कालोनी में घर-घर लोग बीमार होने लगे है। अगर जल्द पानी निकासी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संक्रमण फैल सकता है। पालिका ईओ मनोज रस्तोगी ने बताया कि मामला जल निगम से जुड़ा है। इसके लिए संबंधित विभाग को समाधान करने के जल्द निर्देश दिए जाएंगे।
रेलवे अपनी जमीन पर ट्रैक बिछाने का कार्य कर रही है। ट्रैक के नीचे अगर कोई नाला आ रहा है तो इसकी जिम्मेदारी पालिका या संबंधित विभाग की है। वह अपने स्तर से नाले की साफ-सफाई कराकर लोगों की समस्या का समाधान करे। – अरविंद कुमार, स्टेशन अधीक्षक बुलंदशहर
मामले की जानकारी की जाएगी। जल निकासी की जो भी समस्या है उसका जल्द समाधान करवा दिया जाएगा। – मुकेश गुप्ता, एक्सईएन जल निगम