जेवर। दस्तमपुर गांव निवासी महिला की बच्ची को जन्म देने के बाद अस्पताल में हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने उसको हायर सेंटर रेफर कर दिया। उसने हायर सेंटर ले जाते वक्त रास्ते में ही दम तोड़ दिया। महिला के मायके वालों ने सुसरालजनों पर हत्या करने का आरोप लगा मारपीट कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों में हंगामा हुआ। पुलिस पहुंचने पर दोनों पक्षों के लोग शांत हुए।
दस्तमपुर निवासी मनीष की पत्नी रूबी को परिजनों ने दो दिन पहले खुर्जा के निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराया था। उसने शुक्रवार को बच्ची को जन्म दिया लेकिन शरीर में खून की कमी के चलते उसकी हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों की सलाह पर परिजन उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी रूबी के मायके वालों को लगी और वे दस्तमपुर पहुंच गए। उन्होंने महिला के सुसरालजनों पर हत्या करने का आरोप लगा हाथापाई कर दी। पुलिस के पहुंचने पर दोनों पक्षों के लोग शांत हुए। मायकेवालों की सहमति पर पुलिस बल की मौजूदगी में रूबी का अंतिम संस्कार किया गया। महिला के पिता योगेंद्र सिंह की ओर से एक आपसी फैसला नामा थोरा चैकी के कार्यवाहक इंचार्ज अशोक कुशवाह को सौंपा गया है। महिला की मौत से उसका डेढ़ वर्षीय मासूम पुत्र और नवजात बेटी के सिर से ममता का साया उठ गया।