नैनीताल : नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में मकान के स्वामित्व को लेकर दो पक्षों का विवाद कोतवाली पहुंच गया। दोनों पक्षों में एक दूसरे के खिलाफ शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक गार्डन हाउस निवासी परीक्षित बिष्ट ने कोतवाली में शिकायती पत्र देकर कहा है कि तेजेन्द्र बिष्ट का परिवार उनके मकान मे रहता था। जिनके कमरे का रास्ता उनके घर के अंदर से गुजर कर जाता है। वे आए दिन उनके घर पर कब्जा करने की फिराक में रहते हैं। आरोप है कि लॉकडाउन के दौरान उक्त लोग अपने घर शिफ्ट हो गए थे, लेकिन 27 अप्रैल को तेजेन्द्र ने बदनीयती से उसकी अनुपस्थिति में उसके घर के अंदर घुसने की कोशिश की। इतना ही नहीं उक्त लोगों द्वारा उसके घर के गेट के बाहर गाली गलौज करने के साथ ही उनके परिजनों को धमकी देने लगे।
इधर दूसरे पक्ष ने मकान पर खुद का स्वामित्व होने की बात कही है। कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मकान के स्वामित्व को लेकर पूर्व में भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इस दौरान दोनों के बीच लिखित माफीनामें के बाद समझौता हो गया था। मगर फिर भी दोनों पक्ष अक्सर क्षेत्र में विवाद खड़ा कर शांति भंग कर रहे हैं। जिस कारण मल्लीताल निवासी तेजेन्द्र बिष्ट और परीक्षित बिष्ट के खिलाफ आईपीसी की धारा 107,116 के तहत कार्रवाई की गई है।