बुलंदशहर से नीरज शर्मा की रिपोर्ट
बुलंदशहर: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में नशे में धुत सपा नेता का हंगामा और गाली गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। सपा नेता वायरल वीडियो में साफतौर पर पुलिस को धमकी देता नज़र आ रहा है। हालांकि वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने सपा नेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपी सपा नेता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करता यह सपा का एससी एसटी प्रकोष्ट का जिलाध्यक्ष पुष्पेंद्र जाटव है।
दरअसल बुलंदशहर के भूड़ चौराहे पर देर रात सपा नेता अर्धनग्न अवस्था में सड़क पर हंगामा कर रहा था। हंगामे की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सपा नेता को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सपा नेता पुलिस की बात मानने के बजाय अभद्रता और गाली गलौच पर उतर आया। इतना ही नहीं सपा नेता ने पुलिस कर्मियों को सपा की सरकार आने पर शहर में आग लगाने की धमकी दे डाली। बताया गया है कि सपा नेता ने सड़क पर करीब 10 मिनट तक हंगामा किया। एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने इस मामले में आरोपी सपा नेता पर एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।आरोपी सपा नेता को गिरफ्तार कर लिया गया है।