ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में बीते 27 मार्च को हुए विवाद के बाद अब माहौल शांत होने लगा है। स्थानीय लोग नाइजीरियाई छात्रों की मदद के लिए आगे भी आ रहे हैं। लोग अतिथि देवो भव: सुक्ति का पालन कर रहे हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय के छात्र अपनी कक्षा के छात्रों की मदद कर रहे हैं और जरूरत का सभी सामान लाकर दे रहे हैं।
नाइजीरियाई छात्रा मैलिशा ने बताया कि हम लोगों को कोई परेशानी महसूस नहीं हो रही है। डीपीएस सोसाइटी में रहने वाले मैक ने बताया कि हालात पहले की अपेक्षा अब ठीक हैं। शहर के लोग मदद कर रहे हैं। ऑटो वाले भी मदद कर रहे हैं। पुलिस ने नाइजीरियाई छात्रों से कहा है कि अभी कुछ दिन बाहर ना निकलें। ग्रेटर नोएडा पुलिस भी अफ्रीकी मूल के छात्रों की मदद कर भारतीय संस्कृति की विविधता में एकता के स्वरूप की बात को चरितार्थ कर रहे हैं। शहर के लोगों ने विवाद को भुलाकर लोगों की मदद की अच्छी पहल की है। पुलिस प्रशासन भी शहरवासियों को एक-दूसरे का सम्मान और दोस्ताना माहौल में रह कर कार्य करने की अपील कर रहा है। शहरवासियों पर इस अपील का असर होने लगा है। पिछले दो-तीन दिन से हालात बेहतर बने हैं और नाइजीरियाई छात्र बाजार में आने लगे हैं।