नोएडा। सेक्टर-8 में ऑटो चालक ने अपने दोस्त से खुद पर गोली चलवाई थी। पुलिस ने इस मामले में दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। चालक ने अपनी दूसरी पत्नी और उसके परिजनों के खिलाफ केस दर्ज कराने के उद्देश्य से अपने दोस्त से खुद पर गोली चलवाई थी।
सेक्टर 8 निवासी शिव कुमार पेशे से चालक है। शिव कुमार को संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार सुबह पैर में गोली लग गई थी। उसे घायल अवस्था में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शिव कुमार ने अपनी दूसरी पत्नी और उसके परिजनों पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया था। जांच में सामने आया था कि शिवकुमार ने हिंदू होते हुए अपना नाम साबिर रखकर नजमा नाम की महिला से दूसरी शादी की थी। नजमा के पहले पति से दो बेटियां और दो बेटे हैं। शिव कुमार के खिलाफ गाजियाबाद के खोड़ा थाने में नाबालिग सौतेली बेटियों के साथ अश्लील हरकत करने का मुकदमा दर्ज है। इसी मामले को लेकर शिव कुमार को घटना वाले दिन ही अदालत में पेश होना था। पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कराने के उद्देश्य से शिव कुमार ने खुद पर अपने दोस्त से गोली चलवाई थी।
एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि पत्नी पर दबाव बनाने के लिए शिवकुमार ने अपने साथी सेक्टर-8 निवासी अभय के साथ मिलकर साजिश रची थी। अभय ने शिवकुमार पर गोली चलाई थी। पुलिस ने अभय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में शिवकुमार भी आरोपी है। वह अस्पताल में उपचाराधीन है।