नोएडा। सेक्टर-77 स्थित एलाइट होम सोसाइटी में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने मानसिक तनाव के चलते फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मृतक के पास एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने खुद को आत्महत्या का जिम्मेदार बताया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मूलरूप से मुंबई के सिद्धी सागर निवासी 28 वर्षीय सागर जोशी निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। वह सेक्टर-77 स्थित एलाइट होम सोसाइटी में पत्नी के साथ रहते थे। सागर की शादी फरवरी 2021 में हुई थी। दोनों पति-पत्नी घर से ही काम करते थे। सागर ने बुधवार रात को खाना खाने के बाद रात करीब 11 बजे कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आए तो पत्नी को शक हुआ। पत्नी ने कमरा खोलकर देखा तो उनका शव फंदे से लटका था। फिर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को सागर जोशी के पास सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने लिखा है कि वह आत्महत्या के लिए खुद जिम्मेदार है। अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी है। वह मुंबई में रहते हैं। बताया जा रहा है कि युवक के माता-पिता भी उससे बात नहीं करते थे। वह काफी समय से तनाव में था। इसके अलावा पुलिस अपने स्तर पर भी मामले की जांच कर रही है।