नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच एक अगस्त से 13 और रोडवेज बसें चलेंगी। नोएडा डिपो दस और ग्रेटर नोएडा डिपो तीन बसें बढ़ाई जाएंगी। अभी 17 बसें इस रूट पर चलती हैं। इसके साथ दोनों शहरों के बीच बसों की संख्या बढ़ाकर 30 हो जाएगी। नोएडा डिपो की बसें परी चौक की बजाए ग्रेनो डिपो तक जाएंगी।
बीते साल लॉकडाउन से पहले बड़ी संख्या में रोडवेज की बसें सिटी बस की रूप में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच चलाई जाती थीं। कोरोना काल में यात्रियों की संख्या कम होने के कारण नोएडा डिपो की बसें बंद कर दी गई थी। हालांकि कुछ समय बाद डिपो की पांच बसें शुरू की गई थी। वहीं ग्रेटर नोएडा डिपो की 12 बसें चल रही थीं। डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक नरेश पाल सिंह ने कहा कि यात्रियों की संख्या अब धीरे-धीरे बढ़ रही है।
डिपो से चलने वाली सभी शहरों की बसों में यात्रियों रोजाना संख्या 25 हजार से अधिक है। इसमें नोएडा और ग्रेटर नोएडा रूट पर भी यात्री बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई को परिवहन विभाग से 28 बसों का सरेंडर खत्म हो रहा है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अलावा बाकी शहरों के लिए भी आवश्यकतानुसार बसें बढ़ाई जाएंगी। हरिद्वार और कोटद्वार के लिए पहले ही तीन-तीन बसें बढ़ाई जा चुकी हैं।