नोएडा। राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में हत्या के एक मामले में फरार 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना सेक्टर 24 के थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि मोरना गांव के कुछ लोगों ने प्लेसमेंट एजेंसी चलाने वाले दिल्ली निवासी राज कुंजर को अपने घर पर बुलाया और धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी थी। उन्होंने बताया कि इस मामले में फरार रोहित करकेटा को पुलिस ने गुरुवार गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में सात लोगों की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है। उन्होंने बताया कि रोहित करकेटा की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था।