मेरठ की सिवालखास विधानसभा के पूर्व बसपा विधायक विनोद कुमार हरित ने नई दिल्ली वसंत कुंज में राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह की उपस्थिति में राष्ट्रीय लोक दल की सदस्यता ग्रहण की।
विनोद कुमार हरित 2007 से 2012 तक सिवालखास विधानसभा से विधायक रहे बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में आगरा, अलीगढ़, मुरादाबाद, मेरठ और सहारनपुर के मंडल कॉर्डिनेटर के साथ-साथ बागपत और मेरठ के जिलाध्यक्ष भी रहे।
वर्तमान में पूर्व विधायक विनोद कुमार हरित भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय सदस्य थे, भारतीय जनता पार्टी की किसान विरोधी नीतियों से त्रस्त होकर आज पूर्व विधायक विनोद कुमार हरित ने राष्ट्रीय लोक दल के सदस्यता ली। अनुसूचित जाति, जनजाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत कन्नौजिया और रालोद नेता अभिषेक चौधरी गुर्जर उपस्थित रहे।
लगातार बढ़ रहा रालोद का कुनबा
चौधरी अजीत सिंह के निधन के बाद चौधरी जयंत सिंह ने पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं से अपील की थी कि वे सभी रालोद के साथ आएं। किसान आंदोलन के बाद जयंत पश्चिम उत्तर प्रदेश में ताबड़तोड़ जन सभाएं कर रहे हैं। पांच लाख लोगों से चुनाव के एजेंडे के लिए लोक संकल्प पत्र तैयार कराया जा रहा है।
चौधरी जयंत सिंह की लोकप्रियता को देखते हुए लगातार दूसरी पार्टी के नेता रालोद में आ रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री, सोमपाल शास्त्री, रामासीस राय, पूर्व सांसद शाहिद सिद्धकी, पूर्व एमएलसी राजकुमार त्यागी, पूर्व विधायक ठाकुर वीरेंद्र, नूर सलीम राणा, राव वारिस, पूर्व राज्यमंत्री खालिद मसूद समेत तमाम पार्टियों के नेता रालोद का दामन थाम चुके हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव तक यह सिलसिला जारी रहेगा।