उन्नाव। सांसद साक्षी महाराज ने गलवन घाटी के मामले पर विपक्ष को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि कांग्रेस पाक से प्रेम, चीन के साथ वफादारी और देश से गद्दारी कर रही है। चीन भारत से लड़ रहा है किसी दल से नहीं। कांग्रेस यह साफ समझ ले अब देश की बागडोर मोदी के सक्षम हाथों में है। 1962 वाली सरकार अब नहीं है, मुझे लगता है अब भारत का सीमा विस्तार होगा।
सांसद ने पत्रकार वार्ता में कहा कि गलवान घाटी में शहीद होने वाले वीर सपूत भारत माता के लाल थे वह हमारे देश के शौर्य और गौरव के प्रतीक भारत माता के रखवाले थे उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। सांसद ने कहा विपक्ष ओछी राजनीति कर रहा है, अभी समय है चेत जाए और देश के साथ खड़े हों, वर्ना पछताना पड़ेगा। शहीद हुए सैनिक भारत के लाल थे।
सांसद ने कहा कि भारत की सैन्य शक्ति और भारतीय रणबाकुंरों के आगे चीन को मुंह की खानी पड़ेगी। चीन भी याद रखे यह 1962 वाले पं. नेहरू की सरकार नहीं है मोदी के मजबूत इरादों वाली सरकार है, इस बार भारतीय सैनिक जहां झंडा गाड़ देंगे फिर कदम पीछे नहीं हटेगा।