खन्ना, (लुधियाना)। खन्ना शहर के नेशनल हाईवे में फ्लाई ओवर पर आज सुबह 3 बजे हुए एक भयानक सड़क हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा मार्कफेड घी मिल के सामने हुआ है। पुलिस मृतकों के नाम व पते की जानकारी लगाने में जुटी हुई है। यह हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लाेगाें की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार यूपी और बिहार से सवारियों की बस भरकर लुधियाना जा रही थी। मार्कफेड घी मिल के पास हाईवे पर एक ट्राला सरिये से लदा हुआ खड़ा था। बस चालक ने उसे नहीं देखा और ट्राले के पीछे तेज रफ्तार बस जा टकराई। इससे बस आगे से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। ट्राले के पीछे बाहर निकले सरिए बस में जा घुसे और बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई। एक शव ट्राले के पास भी मिला है। माना जा रहा है कि यह शव ट्राले के चालक का हो सकता है जो ट्राले के नीचे सोया होगा और बस की जबरदस्त टक्कर से ट्राले का टायर उस पर जा चढ़ा।
हादसे में तीन लोग घायल
हादसे में तीन लोग घायल भी हो गए। इनमें लुधियाना के बग्गा खुर्द निवासी दम्पती विश्वनाथ और कलावती और लुधियाना के ही शिवपुरी निवासी मोहम्मद जासीन शामिल हैं। दम्पती को लुधियाना रैफर किया गया है। शवों को सिविल अस्पताल में रखकर पहचान की कोशिश की जा रही गई। गाैरतलब है कि लुधियाना से यूपी और बिहार के लिए अवैध ताैर पर टूरिस्ट बसें चलाई जा रही है। बस सेवा में काेविड नियमाें का भी पालन नहीं किया जाता। सरकार इन पर राेक लगाने में नाकाम साबित हाे रही हैं।