उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अपने सरकारी आवास पर जनता की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए। सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाए और इस सम्बन्ध में उनसे इस बारे में दोबारा जानकारी भी ली जाए कि उनका काम पूरा हुआ या नहीं।
मुख्यमंत्री के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर भी इसकी जानकारी दी गई। प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन पत्र मुख्यमंत्री को खुद दिए। अधिकांश प्रार्थना पत्र आर्थिक सहायता, कृषि, बिजली आपूर्ति, आवास आवंटन, पेयजल, अवैध कब्जे, निजी इलाज और नौकरी जैसे मामलों से संबंधित थे।
यहां पहुंची महिलाओं में से एक ने अपने साथ हो रही लगातार छेड़छाड़ के बारे में मुख्यमंत्री को बताया।
इस मामले को मुख्यमंत्री ने बहुत ही गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों से इस पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा। इसी तरह दूसरे लोगों ने भी मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सभी लोगों की समस्याओं को ध्यान से सुना और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।