नीरज शर्मा की खबर
बुलंदशहर। रामघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिलारी गंगा गढ़ के बीच अनूपशहर मार्ग पर रजवाहा कट गया। रजवाहा कटने से दर्जनों किसानों की खेतों में खड़ी फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने रजवाहे कटने की सूचना सिचाई विभाग को दे दी। रजवाहा कटने की सूचना पर पहुंचे सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा रजवाहे के कटान को जेसीबी मशीन के माध्यम से मिट्टी डालकर रोका गया। किसान बदन सिंह और मुनेश ने बताया कि गांव के आधा दर्जन से अधिक किसानों की खेतों में खड़ी धान, लौकी, तोरई और करेला आदि की फसल अनूपशहर रजवाहा कटने से पूरी तरह जलमग्न हो गई।
रजवाहा कटने की सूचना पर अफसरों ने आकर रजवाहा के कटान को रोका। लेकिन तब तक फसल नष्ट हो चुकी थी। थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि रजवाहा कटने की सूचना पर मौके पर टीम के साथ पहुंचे और कटान को रोकने का प्रयास किया गया। साथ ही सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता पवन कुमार, एसडीओ वैभव शर्मा आदि अधीनस्थ कर्मियों संग मौके पर पहुंचे और कटान को रुकवाया। रजवाहा कटने से फसल नष्ट होने पर संबंधित किसानों ने अफसरों से मुआवजा दिलाने की मांग की हैं।