लखनऊ। रामनगरी अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद के राम मंदिर निधि समर्पण अभियान के आज संत रविदास जयंती पर अंतिम दिन है। मंदिर निर्माण कार्य के लिए चंदा एकत्रित करने का यह महाअभियान 44 दिन चला। लखनऊ में शाम को अमीनाबाद में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय इस अभियान का समापन करेंगे। लखनऊ में दवा विक्रेता समिति के इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहेंगे।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदू परिषद ने देश भर में 44 दिन का चंदा एकत्रित करने का बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति तथा कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी इसमें अपना योगदान दिया। श्री राम मंदिर के लिए दुनिया का सबसे बड़ा फंड कलेक्शन अभियान संत रविदास जयंती यानी शनिवार 27 फरवरी को पूर्ण हो रहा है। यह अभियान 15 जनवरी मकर संक्रांति के दिन शुरू होकर माघी पूर्णिमा पर समाप्त हो रहा है।
विश्व हिंदू परिषद के साथ इस धन संग्रह अभियान में आरएसएस के कार्यकर्ता भी लगे थे। देश की आधी आबादी को कवर करते हुए इस अभियान की टीमों ने गांवों, कस्बों और शहरों में लाखों लोगों से भेंट करने के साथ ही धन संग्रह भी किया।
स्वयंसेवकों से प्राप्त स्वैच्छिक योगदान को श्री राम तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के बैंक के खातों की स्थानीय शाखाओं में जमा किया गया है। संबंधित रसीद / कूपन संख्या के साथ संग्रह विवरण को दैनिक रूप से एक एप के माध्यम से अपडेट किया जा रहा है। इस एप को ट्रस्ट द्वारा विशेष रूप से इसी उद्देश्य के लिए डिजाइन किया है।
विश्व हिंदू परिषद ने अपील की है कि जो लोग किसी कारणवश इस पुण्य कार्य से वंचित रह गए हैं वे सभी हमारे स्थानीय अभियान दल/उनके क्षेत्र के अभियान कार्यालय, विहिप कार्यालय/पदाधिकारियों या अन्य रामभक्तों से संपर्क कर सकते हैं ताकि अपना योगदान देकर रसीद/कूपन प्राप्त करे सकें। अभियान का समापन तय समय अर्थात संत रविदास जयंती यानी आज हो रहा है।