लखनऊ। आशियाना के देवीखेड़ा में सोमवार देर शाम प्रेमी युगल पर हुई चाकूबाजी के मामले में बुधवार को नया मोड़ आया है। हमले में घायल गौरव ने पुलिस को लिखित में बताया है कि घटना के समय मौके पर एक और युवक मौजूद था। हमले में वह भी शामिल था। पूरे मामले में प्रेम त्रिकोण की बात भी सामने आ रही है। वहीं युवती की मां गौरव पर शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
युवती की मां की तहरीर पर दर्ज हुआ गौरव पर मुकदमा
पुलिस का मानना है कि चाकूबाजी त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग में हुई थी। हमले के बाद वह युवक भाग निकला था। पुलिस अब उस तीसरे युवक के बारे में जानकारी जुटा रही है। वहीं, मंगलवार देर रात गौरव के पक्ष से दी गई तहरीर पर घायल युवती की एक सहेली और दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। घायल युवती की मां की तहरीर पर गौरव के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि दोनों की हालत सामान्य होने पर कुछ और तथ्य सामने आएंगे।
हमला करने वाले को नहीं जानता है गौरव
गौरव ने बताया कि जब बातचीत हो रही थी तो वहां मौजूद वह युवक एकाएक उग्र हो गया और हमला कर दिया। गौरव का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि वह युवक कौन है और कहां का निवासी है। पुलिस अब उसके बारे में जांच कर रही है।
इंस्पेक्टर आशियाना आनंद कुमार तिवारी ने बताया कि गौरव के भाई से जो तहरीर मिली है। उसके आधार पर युवती की एक मित्र के अलावा रणजीत और सोनू नाम का युवक है। वहीं, घायल युवती की मां की तहरीर पर गौरव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उनका आरोप है कि गौरव जबरन शादी का दबाव बना रहा था। शादी से मना करने पर उसने हमला किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि सभी बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है।
यह था मामला
आशियाना क्षेत्र में कैंट रोड देवी खेड़ा में आठ मार्च को देर शाम एक प्रेमी-युगल खून से लथपथ हालत में सड़क पर तड़पते मिले थे। दोनों का गला कटा हुआ था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची आशियाना और आलमबाग पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों के गले कटे हुए थे। युवक के बायें हाथ से भी खून निकल रहा था। युवती मूल रूप से उन्नाव की रहने वाली है। वह यहां किराए के मकान में रहती है और एक शॉपिंग माल में नौकरी करती है। युवक की पहचान लखीमपुर खीरी निवासी गौरव सिंह (27) के रूप में हुई। दोनों के परिवारीजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने पर ही कुछ और तथ्य पता चल सकेंगे। दोनों में करीब छह-सात माह से बातचीत हो रही थी। दोनों में प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है।