टनकपुर : शारदा नदी के डाउन स्ट्रीम में उपखनिज निकासी का काम बंद हो गया है। वन विकास निगम ने चार लाख 50 हजार घन मीटर लक्ष्य के सापेक्ष चार लाख 35 हजार घन मीटर की निकासी कर 17 करोड़ का राजस्व कमाया।
सोमवार को अंतिम दिन शाम पांच बजे तक निकासी हुई, जिसके बाद इस सीजन के लिए काम बंद कर दिया गया। इस बार वन विभाग के अडिय़ल रवैये के कारण शारदा नदी के अप स्ट्रीम से खनन निकासी नहीं हो पाई। डाउन स्ट्रीम से 13 जनवरी से यह कार्य शुरू हुआ। बीच में नदी में बाढ़ आने और कोविड के कारण इसे रोकना पड़ा। डीएलएम हरीश पाल ने बताया कि इस बार चार लाख 50 हजार घन मीटर निकासी का लक्ष्य था। इसके सापेक्ष 15 हजार घन मीटर की निकासी शेष रह गई। चार लाख 35 हजार घन मीटर निकासी से 17 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। इस बार भारत से नेपाल की ओर बन रही नहर निर्माण के लिए दो लाख घन मीटर आरबीएम दिया गया। खनन कार्य में 400 से अधिक वाहन लगे। इधर, खनन कार्य बंद होने के बाद उप्र और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से आकर कार्य कर रहे श्रमिक भी अपने घरों को लौटने लगे हैं। कोविड की दूसरी लहर आने के बाद अधिकांश मजदूर घरों को लौट गए थे।