नोएडा। सेक्टर 22 से एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। 11 दिन बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं लगा है। अब उनके बेटे ने सोशल मीडिया के जरिए पुलिस से उन्हें तलाश करने की गुहार लगाई है।
सतीश कुमार नाम के युवक ने बताया कि वह सेक्टर 22 में रहता है। उनकी मां 29 जून की शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। रातभर तलाश करने के बाद भी उनका कुछ पता नहीं चला तो युवक ने थाने में अज्ञात के खिलाफ अपहरण की शिकायत दी थी। युवक का कहना है कि शिकायत देने के 11 दिन बाद भी उनकी मां के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। अब युवक ने सोशल मीडिया के जरिए पुलिस से गुहार लगाई है। युवक ने ट्वीट कर पुलिस से गुहार लगाई कि उनकी मां को जल्द से जल्द तलाश कर दें। पुलिस ने महिला को जल्द तलाश करने का आश्वासन दिया है।