नई दिल्ली। बढ़ती उम्र में बालों का पकना और गिरना आम बात है, लेकिन कम उम्र में बालों का सफेद होना गंभीर चिंता का विषय है। इसकी कई वजह हो सकती हैं, जिनमें प्रदूषण, गलत खानपान और शरीर में खनिज तत्वों की कमी प्रमुख हैं। साथ ही यह एक आनुवांशिकी रोग भी है, जो पीढ़ी दर पीढ़ी चलती रहती है। सफेद बालों की समस्या से निजात पाने के लिए लोग हेयर डाई का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, बाजार में मिलने वाले हेयर डाई में कैमिकल्स मिले होते हैं, जो बालों को नुकसान पहुंचाते हैं। विशेषज्ञों की मानें तो शरीर में विटामिन-सी की कमी के चलते बाल गिरने अथवा पकने लगते हैं। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में विटामिन-सी का सेवन करना चाहिए। साथ ही सही दिनचर्या का पालन, उचित खानपान और तनाव से दूरी जरूरी है। अगर आप भी असमय बालों के पकने और गिरने से परेशान हैं, तो डाइट में इन चीजों को जरूर शामिल करें। आइए जानते हैं-
विटामिन-सी
जानकारों की मानें तो विटामिन-सी की कमी के चलते असमय बाल पकने और गिरने लगते हैं। इसके लिए डाइट में विटामिन-सी युक्त फलों और सब्जियों जैसे नींबू, संतरा, अंगूर आदि चीजों का जरूर शामिल करें। इससे इम्यून सिस्टम भी मजबूत होता है।
प्रोटीन
अपनी डाइट में प्रोटीन युक्त चीजों को जरूर शामिल करें। प्रोटीन संपूर्ण शरीर के विकास में सहायक होता है। खासकर बालों के विकास और सफेद बालों से छुटकारा पाने के लिए अंडे, दूध, चिकन और मछली आदि चीजों का सेवन जरूर करें। इससे जल्द आपको फायदा मिलेगा।
जिंक और सेलेनियम
विशेषज्ञों की मानें तो जिंक और सेलेनियम बालों के विकास और काला करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके लिए डाइट में जिंक और सेलेनियम युक्त चीजों को ज्ररूर शामिल करें। इसके अलावा, संतुलित आहार, उचित खानपान, पर्याप्त नींद लें। पानी भी अधिक से अधिक पिएं। इससे सफेद बालों की समस्या से निजात मिलेगा।
डिस्क्लेमर: स्टोरी के टिप्स और सुझाव सामान्य जानकारी के लिए हैं। इन्हें किसी डॉक्टर या मेडिकल प्रोफेशनल की सलाह के तौर पर नहीं लें। बीमारी या संक्रमण के लक्षणों की स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।