गाजियाबाद। गाजियाबाद के लिंक रोड पर कंट्री इन होटल के बाहर समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सपा समर्थित जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी की प्रस्तावक रजनी खटीक को भाजपाइयों ने बंधक बनाकर होटल में रखा हुआ है।
सपा नेता मनमोहन झा गामा के मुताबिक, आज जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन होना है। सपा और राष्ट्रीय लोकदल की ओर से नसीमा बेगम को प्रत्याशी बनाया गया है। सुबह उन्हें जानकारी मिली कि अध्यक्ष प्रत्याशी की प्रस्तावक रजनी खटीक को भाजपाइयों ने होटल कंट्री इन में बंधक बना लिया है। इसकी जानकारी मिलने पर पार्टी कार्यकर्ता होटल के बाहर एकत्र हुए।
उनका आरोप है कि भाजपा के कई नेताओं ने रजनी खटीक को होटल के अंदर बंधक बना रखा है। विरोध बढ़ता देख देख भाजपाई चुपचाप उन्हें अपने साथ लेकर चले गए। एक विधायक पर भी सपाइयों ने बंधक बनाने का आरोप लगाया है। होटल के बाहर अभी भी सपाइयों की भीड़ लगी हुई है।
वहीं, गाजियाबाद जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर केवल भाजपा उम्मीदवार ममता त्यागी ने ही नामांकन पत्र दाखिल किया है। दूसरी पार्टी के किसी भी प्रत्याशी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।
गाजियाबाद जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नाम वापसी की आखिरी तारीख 29 जून की है। 29 जून को 3:00 बजे के बाद ममता त्यागी को निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष मान लिया जाएगा। इसकी आधिकारिक घोषणा 3 जुलाई को होगी।