नई दिल्ली। शाहदरा के गांधी नगर में 10 साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पड़ोसी दुकानदार ने बच्ची के घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। बच्ची के बयान पर पुलिस दुष्कर्म और पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की तलाश कर रही है।
पीड़ित बच्ची परिवार के साथ गांधी नगर में रहती है। परिवार में माता-पिता समेत अन्य सदस्य हैं। वह एक सरकारी स्कूल में पांचवीं की छात्रा है। उसके माता-पिता के पास ही ढाबा चलाते हैं। बच्ची ने पुलिस को बताया कि उसके ढाबे के पास से एक युवक बीड़ी की दुकान चलाता है। वह उसे लंबे समय से उसे परेशान कर रहा था। उसे देखकर अश्लील इशारे करता था। जब भी वह घर से बाहर निकलती थी तो उसका पीछा करने लगता था। हालांकि वह उसकी हरकतों को नजर अंदाज करती रही। इसी बीच 11 अगस्त को रात 10:30 बजे वह ढाबे से घर लौटी। माता-पिता ढाबे पर ही थे। आरोपी उसका पीछा करते हुए घर पहुंच गया और उसके साथ ही अंदर घुस गया। आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर की वजह से उसने किसी को कुछ नहीं बताया। इसके बाद वह डरी-सहमी और परेशान रहने लगी। आखिरकार 20 अगस्त को उसने मां को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।