नई दिल्ली। एअर इंडिया की उड़ान तकनीकी कारणों से निरस्त होने की वजह से एयरलाइन के लगभग 300 यात्री मंगलवार से शिकागो एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं। कुछ यात्रियों की शिकायत है कि उन्हें अभी भी नहीं पता है कि वे दिल्ली के लिए कब उड़ान भर सकेंगे।
एअर इंडिया की इस उड़ान को शिकागो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अमेरिकी समयानुसार मंगलवार को दोपहर 1.30 बजे रवाना होना था और बुधवार दोपहर 2.20 बजे दिल्ली में लैंड करना था।
प्रभावित यात्रियों को हर प्रकार की मदद दी गई है: एअर इंडिया
इस उड़ान में बुकिंग कराने वाले एक यात्री गोपाल कृष्ण सोलंकी राधास्वामी ने एक वीडियो संदेश में बुधवार को कहा कि यात्री लगभग 24 घंटे से इंतजार कर रहे हैं और अब भी विमानन कंपनी के पास हमें देने के लिए कोई जवाब नहीं है।
AIIMS के डॉक्टरों ने किया ये बड़ा कमाल! PM मोदी ने भी दी बधाई, गर्भ में की भ्रूण की सर्जरी
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, उड़ान संख्या एआइ-126 को तकनीकी कारणों से निरस्त करना पड़ा। उन्होंने कहा, ‘प्रभावित यात्रियों को हर प्रकार की मदद दी गई है और उन्हें वैकल्पिक उड़ानों में भेजने के हर प्रयास किए जा रहे हैं। हमें अपने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है।
तकनीकी कारणों से दो दिनों में प्रभावित हुईं एअर इंडिया की तीन उड़ानें
पिछले दो दिनों में तकनीकी कारणों से एअर इंडिया की तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। सूत्रों ने बताया कि शिकागो से दिल्ली की उड़ान के अलावा मंगलवार को वेंकुवर से दिल्ली की उड़ान भी निरस्त करनी पड़ी। दोनों ही उड़ानें बोइंग-777 विमानों से संचालित की जानी थीं।
बुधवार को भी तकनीकी कारणों से एक विमान को पेरिस में हवाई अड्डे पर खड़ा कर देना पड़ा। इस विमान के जरिये पेरिस से दिल्ली की उड़ान संचालित की जानी थी।