नई दिल्ली। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले सोमवार को दिल्ली के वोटर लिस्ट को अपेडट कर दिया गया। मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की संख्या में 85 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही महिला मतदाता के पंजीकरण में भी सुधार हुआ है।
56 हजार से ज्यादा की मौत
खास बात है कि घर-घर सत्यापन के बाद मतदाता सूची से करीब चार लाख लोगों को बाहर कर दिया गया। इनमें 32443 मतदाता ऐसे थे, जिनकी एक से ज्यादा वोटर लिस्ट में एंट्री थी। वहीं, 56773 मतदाता मृत पाए गए। इसके अलावा बड़ी बात रही कि दिल्ली की मतदाता सूची में कुल 67,930 युवा मतदाता जोड़े गए।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) पी कृष्णमूर्ति ने मतदाता सूची में विशेष संशोधन अभियान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को दिल्ली की संशोधित मतदाता सूची जारी की। इस मौजूदा सूची के अनुसार दिल्ली में पिछले वर्ष की तुलना में 58,182 मतदाता कम हो गए हैं। महिलाओं की तुलना में पुरुष मतदाताओं की संख्या ज्यादा कम हुई है।
जनवरी 2022 की तुलना में कम हुए इतने लोग
वहीं जनवरी 2022 की तुलना में एक लाख 81 हजार 40 मतदाता कम हुए हैं। इसका कारण यह है कि बड़ी संख्या में मतदाताओं का पता बदलने के कारण मतदाता सूची से उनके नाम काटे गए हैं।
संशोधित मतदाता सूची में इस वर्ष एक जनवरी तक 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले मतदाताओं के नाम शामिल किए हैं। सामान्य तौर पर हर वर्ष पांच जनवरी को संशोधित मतदाता सूची जारी होती है, लेकिन इस वर्ष मतदाता सूची में संशोधन काम पांच जनवरी तक पूरा नहीं हो पाने के कारण 22 जनवरी को जारी किया गया।
मतदाता सूची में विशेष सारांश संशोधन का अभियान पिछले 27 अक्टूबर को शुरू हुआ था। इस संशोधित मतदाता सूची के अनुसार दिल्ली में अभी एक करोड़ 47 लाख 18 हजार 119 मतदाता हैं। यह मतदाता सूची आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अहम होगी। सीईओ कार्यालय के अनुसार इस संशोधन अभियान के दौरान तीन लाख 97 हजार चार मतदाताओं के पहचान पत्र रद किए गए।
कुल इतने नाम पहचान पत्र से हटे
इसके अलावा घर-घर पता सत्यापन के आधार पर तीन लाख सात हजार 788 मतदाताओं के नाम मतदाता पहचान पत्र काटे गए, क्योंकि उन मतदाताओं का पता बदल चुका है। वहीं दो लाख 54 हजार 470 नए मतदाता शामिल किए गए। जिसमें 26.7 प्रतिशत 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाता शामिल हैं, जो आगामी लोकसभा चुनाव में पहली बार मतदान करेंगे।
सीईओ कार्यालय के अनुसार इस संशोधन अभियान के दौरान युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया गया। इस वजह से पिछले वर्ष की तुलना में इस बार युवा मतदाताओं की संख्या 9.69 प्रतिशत बढ़ी है। वहीं विशेष सारांश संशोधन अभियान शुरू होने से पहले जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष के युवा मतदाताओं की संख्या 79,144 थी, जो अब एक लाख 47 से अधिक हो गई है।
युवा मतदाताओं में 85 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोत्तरी
इस आधार पर सीईओ कार्यालय ने युवा मतदाताओं की संख्या 85.8 प्रतिशत बढ़ने का दावा किया है। वहीं मतदाता लिंगानुपात में भी बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई व एक अक्टूबर तक 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले 9335 संभावित मतदाताओं ने भी मतदाता सूची में नाम दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है। 18 वर्ष उम्र पूरी होने पर उनका नाम भी मतदाता सूची में शामिल हो जाएगा।
दिल्ली में मतदाताओं के तीन वर्ष के तुलनात्मक आंकड़े
श्रेणी |
जनवरी 2022 |
जनवरी 2023 |
जनवरी 2024 |
घटे/बढ़े |
कुल मतदाता |
1,48,99,159 |
1,47,76,301 |
1,47,18,119 |
-58,182 |
पुरुष मतदाता |
81,38,593 |
80,38,676 |
79,86,572 |
52,104 |
महिला मतदाता |
67,59,534 |
67,36,470 |
67,30,371 |
-6,099 |
ट्रांसजेंडर |
1032 |
1155 |
1176 |
21 |
18-19 वर्ष के मतदाता |
|
1,34,076 |
1,47,074 |
12,998 |
मतदाता लिंगानुपात |
831 |
838 |
843 |
5 |