ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में तीन महिलाओं सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लाखों रुपये मूल्य का 22 किलो गांजा बरामद हुआ है पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को भी सीज किया है।
बिसरख थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर चार मूर्ति गोल चक्कर चौराहे पर एक कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर कार सवारों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रुकवा लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कार में बैठे मनोहर झा, सुमित कुमार, नेहा तथा सुमित त्यागी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी एक कार पुराने हैबतपुर के पास खड़ी हुई है उसमें भी गांजा रखा हुआ है। पुलिस ने उक्त कार को भी कब्जे में लेकर तलाशी ली तो उसमें से भी गांजा बरामद हुआ।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों गाडिय़ों से 20 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपी पुलिस चेकिंग से बचने के लिए नेहा को कार में बैठकर चलते थे। कार में महिला बैठी होने के कारण पुलिस भी कार की तलाशी नहीं लेती थी।
उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर मोरफेस सोसाइटी तिराहे के पास गांजा बेच रही ममता देवी पत्नी दयाल व अनीता पत्नी स्वर्गीय विजेंद्र को गिरफ्तार किया। इनके पास से 2 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पकड़ी गई महिलाओं ने बताया कि वह एक स्कूटी सवार से गांजा खरीदती है और उसके बाद उसकी पुड़िया बनाकर नशे के आदी लोगों को बेचती हैं। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज न्यायालय में पेश किया गया है।