लखनऊ। नरेन्द्र मोदी सरकार में गृह तथा सहकारिता विभाग के मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने के साथ ही विपक्ष को आड़े हाथ लिया। डिफेंस एक्सपो मैदान वृंदावन योजना में अमित शाह ने सदस्यता लेने वाले कुछ युवकों को प्रमाण पत्र देने के साथ ही जनसभा को संबोधित भी किया। लम्बे समय बाद लखनऊ आए भाजपा के चाणक्य ने अमित शाह ने सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों पर उत्तर प्रदेश को बर्बाद करने का दोष लगाया। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा के खेल में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का हाल देखकर खून खौल जाता था। हर जिले में दो-तीन माफिया-बाहुबली हुआ करते थे, लेकिन 2017 में आई योगी आदित्यनाथ सरकार ने ऐसा काम किया कि आज दूरबीन से देखने पर भी यहां माफिया नहीं दिखते।
डिफेंस एक्सपो के मैदान में भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के अंदाज में माइक संभालने वाले अमित शाह ने भाजपा की सारी उपलब्धियों को गिनाने के साथ ही केन्द्र में 2024 तथा उत्तर प्रदेश में 2022 का रोड मैप तय कर दिया। अमित शाह ने साफ कहा कि केन्द्र में अगर वर्ष 2024 में नरेन्द्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाना है तो 2022 में एक बार फिर से योगी आदित्यनाथ जी को मुख्यमंत्री बनाना होगा। मोदी जी को एक बार फिर मौका दे दीजिए। अमित शाह ने कहा कि हमने उत्तर प्रदेश में लोक संकल्प के सारे वादे पूरे किए हैं, लेकिन अभी पांच साल का मौका और चाहिए, ताकि उत्तर प्रदेश को सभी जगह पर देश में नम्बर वन पर लाया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सबसे बड़ा काम अगर योगी आदित्यनाथ ने किया है तो वह माफिया से मुक्ति दिलाने का काम किया है। लगभग 1,43,000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भर्ती की गई हैं और उसमें कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ। मेरठ में यूनिवर्सिटी होने के बावजूद वहां की बच्चियां दिल्ली में किराये के घर में रहकर पढ़ाई करती थीं। यूपी में उनकी सलामती नहीं थी। आज कोई भी लड़की स्कूटी पर रात 12 बजे भी यूपी की सड़कों पर चल सकती है, कोई डर नहीं है
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करने की शुरुआत 2022 में भी भाजपा को प्रचंड बहुमत के संकल्प से की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से दोनों हाथ उठवाकर भारत माता की जय का नारा लगवाया। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान 29 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक चलेगा। मैं सभी कार्यकर्ता से आग्रह करने आया हूं कि उत्तर प्रदेश देश के सबसे युवा प्रदेशों में से एक है। यूपी में 53 प्रतिशत आबादी युवा है, गरीबों, महिलाओं, दलितों, पिछड़ों को पार्टी के साथ जोडऩे का कार्य भाजपा करेगी। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि आज मैं यहां भाजपा की सदस्यता कार्यक्रम की शुरुआत कराने आया हूं। आज मैं यहां आया हूं तो आपको जरूर स्मरण कराना चाहूंगा कि यह बाबा विश्वनाथ और भगवान राम, कृष्ण, भगवान बुद्ध, महाराजा सुहेलदेव और कबीर की भूमि है। भाजपा ने यूपी को उसकी पहचान दिलाने का काम किया है। दोस्तों आप दिवाली के दिन ‘मेरा परिवार भाजपा परिवार’ के तोरण से अपने द्वार को सजाइए और भाजपा को अपना समर्थन दीजिए।
गृह मंत्री ने आगे कहा कि भाजपा ने यूपी को बहुत आगे ले जाने का काम किया है। भाजपा ने पहली बार सिद्ध किया है कि सरकारें परिवारों के लिए नहीं गरीब से गरीब व्यक्ति के लिए होती हैं। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को अपनी पहचान वापस दिलाने का कार्य किया है। उत्तर प्रदेश को देश का सबसे प्रमुख राज्य बनने की दिशा में बहुत आगे ले जाने का कार्य किया है। मोदी जी ने प्रदेश के हर घर में बिजली पहुंचाई। हमने 11 करोड़ घरों में गैस पहुंचाया, जिसे पहले लोग मजाक समझते थे। दस करोड़ लोगों को घर देने का लक्ष्य रखा है जो जल्द पूरा होगा।
बनाएंगे नम्बर वन अर्थव्यवस्था
अमित शाह ने कहा कि 2017 के पहले तक उत्तर प्रदेश देश की 7वीं अर्थव्यवस्था थी, आज यूपी देश की दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन गया है। अखिलेश बाबू आप यूपी का बजट दस लाख करोड़ रुपये का छोड़कर गए थे। अब अंतरिम बजट 21.31 लाख करोड़ रुपये का रखा है। बेरोजगारी की दर आप 18 प्रतिशत छोड़कर गए थे, आज 4.8 प्रतिशत बेरोजगारी दर है।
अब तो दूरबीन से भी नहीं नजर आते बाहुबली
गृह मंत्री ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को भी जमकर सराहा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले तो उत्तर प्रदेश में गुंडाराज था। माफिया और बाहुबली का सरकार में खासा दखल था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐसा इलाज किया है कि अब तो दूरबीन से भी बाहुबली नजर नहीं आते हैं। आज 16 वर्ष की बच्ची भी गहने लादकर रात 12 बजे भी स्कूटी पर निकल सकती है। यूपी में वर्षों तक सपा-बसपा का खेल चलता रहा, उसने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया था। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की बदहाल स्थिति देखकर खून खौलता था। आज उत्तर प्रदेश में कोई पलायन नहीं होता, पलायन कराने वालों का खुद पलायन हो गया है। आज यूपी में कहीं कोई बाहूबली दिखाई नहीं देता।
सवाल किया, पांच साल कहां थे अखिलेश जी
अमित शाह ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में सभी लोग काफी प्रभावित थे। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ तो हर जगह जाने के कारण खुद भी चपेट में आ गए थे, लेकिन अखिलेश जी तो कहीं पर भी नहीं दिखे। इन्होंने कहा था कि हम कोरोना की वैक्सीन नहीं लगवाएंगे, लेकिन बाद में डर की वजह से लगवा ली। इसके बाद भी प्रदेश में बाढ़ से हालत खराब थी तो योगी आदित्यनाथ जी ने मोर्चा संभाला था। अखिलेश जी इस समय भी गायब थे। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी यह हिसाब उत्तर प्रदेश की जनता को दीजिए कि पिछले पांच वर्ष में आप विदेश कितने दिन रहे। बीते दिनों कोरोना आया, यूपी में बाढ़ आई, आप कहां थे। उन्होंने कहा कि अखिलेश जी यह हिसाब उत्तर प्रदेश की जनता को दीजिए कि पिछले पांच वर्ष में आप विदेश कितने दिन रहे। इसका हिसाब दे दीजिए।
सपा, बसपा तथा कांग्रेस ने किया अपने परिवार का विकास
अमित शाह ने कहा कि समाजवादी पार्टी के साथ ही बहुजन समाज पार्टी तथा कांग्रेस के लोगों ने शासन स्वयं के लिए, परिवार के लिए और अपनी जाति के लिए किया है, इसके अलावा किसी के लिए शासन नहीं किया है। इन लोगों ने शासन स्वयं के लिए, परिवार के लिए और अपनी जाति के लिए किया है, इसके अलावा किसी के लिए शासन नहीं किया। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को अपनी पहचान वापस दिलाने का कार्य किया है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को देश का सबसे प्रमुख राज्य बनने की दिशा में बहुत आगे ले जाने का कार्य किया है। भाजपा ने पहली बार सिद्ध किया है कि जो सरकार बनत है वो परिवार के लिए नहीं होती है, सरकारें सूबे के सबसे गरीब से गरीब व्यक्ति के लिए होती है।
अखिलेश एंड कंपनी भी देखेगी भव्य राम मंदिर
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश एंड कंपनी हमें ताने देती थी कि मंदिर वहीं बनाएंगे, तारीख नहीं बताएंगे। अखिलेश बाबू तारीख बताना ही नहीं बल्कि मंदिर की नींव भी डाल दी गई है। क्या किसी को कल्पना थी कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर के दर्शन होंगे, लेकिन आपने दो तिहाई बहुमत दिया। पीएम मोदी जी ने राम जन्मभूमि पर मंदिर का शिलान्यास कर दिया। जल्द वहीं पर रामलला का भव्य मंदिर बनेगा। अखिलेश जी को मैं याद दिलाता हूं कि आपकी पार्टी की सरकार में निर्दोष रामभक्तों को गोलियों से भून दिया गया था। आज उसी जगह पर रामलला शान के साथ गगनचुंभी मंदिर में विराजमान होने वाले हैं।
पीएम मोदी ने साकार किया एक भारत, श्रेष्ठ भारत का सपना: योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी ने एक भारत, श्रेष्ठ भारत की कल्पना को साकार किया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में 2014 में नई चेतना आई थी। भाजपा ने ने कहा वो करके दिखाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हमारा लक्ष्य डेढ़ करोड़ नए कार्यकर्ता बनाने का है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने दंगों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और केन्द्र और उत्तर प्रदेश दोनों में भाजपा को जीत दिलाने के लिए कई चुनौतियों का सामना किया। हर कोई इस बात पर गर्व महसूस कर रहा है कि राम मंदिर का निर्माण पीएम मोदी और अमित शाह के नेतृत्व में हो रहा है। इस बार पूरी दुनिया देखेगी अयोध्या दिवाली दीपोत्सव।
70 वर्ष की समस्या को संसद में हमारे गृहमंत्री अमित शाह ने 70 मिनट में खत्म कर दिया
डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि पहले जब हम कश्मीर से धारा 370 हटाने और राम मंदिर बनाने की बात करते थे, तो वो लोग विश्वास नहीं करते थे। केन्द्र में 2014 में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी। इसके बाद 70 वर्ष की समस्या को संसद में हमारे गृहमंत्री अमित शाह ने 70 मिनट में खत्म कर दिया।
हर बिरादरी के लोग बिना किसी रिश्वत के नौकरी पा रहे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश तथा यहां के सभी निवासियों को बदहाल करने वाली अखिलेश यादव की सरकार में सरकारी नौकरी के लिए सैफई से सूची आती थी। आज स्थिति बदली है। आज हर बिरादरी के लोग बिना किसी रिश्वत के नौकरी पा रहे हैं। सरकार ने पांच लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने का अपना वादा निभाया है। भाजपा तो कार्यकर्ताओं का दल है। मेहनती कार्यकर्ताओं ने पार्टी खड़ी की है और यह पार्टी देश तथा उत्तर प्रदेश पर राज कर रही है।
इससे पहले केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने ‘मेरा परिवार-भाजपा परिवार’ सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। सदस्यता अभियान कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मौजूद, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम डॉ.दिनेश शर्मा, केन्द्रीय मंत्री महेन्द्र नाथ पाण्डेय, यूपी भाजपा चुनाव प्रभारी केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, केन्द्रीय मंत्री अजय मिश्रा टेनी, केन्द्रीय मंत्री कौशल किशोर, यूपी चुनाव सह प्रभारी केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान, केन्द्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल तथा केन्द्रीय मंत्री पंकज चौधरी मौजूद थे।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में भारतीय जनता पार्टी की रणनीतियों और तैयारियों के मंथन के साथ ही पार्टी के कार्यकर्ता व नेताओं में जोश भरने के लिए केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। अमित शाह 11:30 बजे चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमौसी पर लैंड करने के बाद डिफेंस एक्सपो मैदान सेक्टर-17 वृन्दावन योजना में पहुंचे।
सदस्यों की संख्या का रिकॉर्ड बनाने के अभियान में भाजपा
भाजपा उत्तर प्रदेश में अपने सदस्यों की संख्या में रिकार्ड बढ़ोतरी करने की तैयारी में है। संख्याबल के हिसाब से देश की सबसे बड़ी पार्टी ने शुक्रवार को राज्य में 1.5 करोड़ से अधिक नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। अभी भाजपा के उत्तर प्रदेश में दो करोड़ 30 लाख कार्यकर्ता हैं। पार्टी सदस्यता अभियान के लिए हर विधानसभा में जगह-जगह विशेष शिविर लगाएगी। इससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भी क्षेत्रवार बैठकों में पार्टी के सभी सांसदों, विधायकों और पार्टी के पदाधिकारियों को सदस्यता अभियान को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
- # Amit Shah on Lucknow Visit
- # BJP Membership Drive
- # BJP Senior Leader Amit Shah
- # BJPUP
- # CM Yogi Adityanath
- # Dharmendra Pradhan
- # Home and Co Opretive Minister
- # Home Minister in Modi Government
- # lucknow-city-politics
- # Membership Drive
- # Review Meeting of Amit Shah
- # state
- # Swatantra Dev Singh
- # UP Assembly Election 2022
- # UP Politics
- # Uttar Pradesh news
- # अमित शाह का लखनऊ का दौरा
- # गृह तथा सहकारिता मंत्री अमित शाह
- # गृह मंत्री अमित शाह
- # विधा
- # शाह का 29 को लखनऊ का दौरा
- amit shah
- keshav prasad maurya
- lucknow
- national news
- news
- up news
- अमित शाह