आगरा। छत्ता थाने में तैनात आरक्षी राघवेंद्र के कमरे मे शुक्रवार को हमीरपुर की रहने वाली 22 वर्षीय नर्स शोभा ने आत्महत्या कर ली। शोभा द्वारा गले में फंदा कस पंखे से लटकने पर आरक्षी नीचे उतार साथी पुलिसकर्मियाें की मदद उसे ट्रांस यमुना के एक अस्पताल में लेकर गए। वहां चिकित्सक द्वारा मृत घोषित करने पर आरक्षी गायब हो गया। सूचना पर छत्ता और ट्रांस यमुना थाने की पुलिस पहुंच गई। युवती गुरुग्राम के एक अस्पताल में नर्स थी। आत्महत्या के पीछे प्रेम संबंधों का मामला बताया जा रहा है।
राघवेंद्र के पास रुकी थी नर्स
एसीपी छत्ता आरके सिंह ने बताया, आरक्षी के गृह जनपद हमीरपुर की रहने वाली 22 वर्षीय शोभा गुरुवार शाम को आगरा आई थी। आरक्षी राघवेंद्र के पास रुकी थी। राघवेंद्र ने बेलनगंज में एसीपी कार्यालय के पास में किराए पर कमरा ले रखा है।शोभा गुरुग्राम के एक अस्पताल में नर्स थी। शोभा ने शुक्रवार सुबह 11 बजे आरक्षी के जाने के बाद दुपट्टे का फंद बना गले में कसने के बाद पंखे से लटक गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कुछ देर बाद आरक्षी लौटा तो शोभा को फंदे पर लटकता देख नीचे उतारा। साथी पुलिसकर्मियों की मदद से ट्रांस यमुना के अस्पताल लेकर गया। वहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरक्ष्री राघवेंद्र गायब हो गया। एसीपी आरके सिंह ने बताया मामले की जांच की जा रही है। शोभा के स्वजन को सूचना दे दी है, उनके आने पर तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।