दक्षिणी दिल्ली। लोधी कालोनी इलाके में एक अज्ञात एंबुलेंस चालक एक महिला को अचेत हालत में जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के गेट के पास छोड़कर फरार हो गया। महिला की पहचान माया के रूप में हुई है। इलाज के दौरान होश में आने के बाद उन्होंने बताया कि वह अमर कालोनी इलाके में रहती है और उनका पति ई-रिक्शा चलाता है।
महिला को छोड़कर एंबुलेंस चालक फरार
पुलिस एंबुलेंस और महिला के परिवार का पता लगाने के लिए छानबीन कर रही है। पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि सोमवार शाम करीब 7.50 बजे लोधी का थाने में एक पीसीआर कॉल मिली। कॉलर ने बताया कि जेएलएन स्टेडियम गेट नंबर 14 के पास एक महिला पड़ी हुई है और उन्हें यहां एक एंबुलेंस चालक छोड़कर गया है।
Aaj Ka Panchang: आज 17 जुलाई 2023 का शुभ मुहूर्त, राहु काल, आज की तिथि और ग्रह
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे और देखा कि लगभग 35 साल की एक महिला गेट नंबर 14 जेएलएन स्टेडियम के पास पड़ी हुई थी। महिला बेहोशी की हालत में थी। महिला नशीली दवा या शराब के नशे में लग रही थी। उनके शरीर पर किसी चोट का कोई निशान नहीं मिला।
पुलिस से मौके पर मिले कॉलर ने बताया कि गेट नंबर 14 के पास एक एम्बुलेंस आई। लगभग 15 मिनट तक वहां रही और महिला को उतार कर चली गई। उसने एम्बुलेंस का नंबर पहचानने की कोशिश की, लेकिन नहीं कर सका। महिला को तत्काल एम्स अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान महिला होश में आई और अपना नाम माया बताया।