जेवर के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में चुनावी रंजिश में दो पक्षों में रविवार रात खूनी संघर्ष होने का मामला सामने आया है। इस घटना में एक पक्ष की युवक की हालत गंभीर है। जिसका दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज चल रहा है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गुट के पूर्व चेयरमैन समेत उसके परिवार के करीब 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
चुनावी रंजिश में किया हमला
बिलासपुर कस्बा निवासी शुऐब मलिक ने पुलिस से शिकायत किया। शुऐब मलिक ने बताया कि रविवार की रात उनका छोटा भाई मुसैफ अपने चाचा के घर पर बैठा हुआ था। उसी दौरान उनके पड़ोस के रहने वाले लोगों ने रंजिशन वहां पहुंचकर उनके भाई के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में उनके भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ ही परिवार के अन्य 2 लोगों को भी चोट आई है। परिवार के लोगों को आता देख आरोपी पक्ष वहां से फरार हो गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नियत से कई राउंड फायरिंग की गई है। जिसके बाद घायल को परिवार के लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां पर उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पक्ष के पूर्व चेयरमैन और इस बार के निर्दलीय प्रत्याशी के पति साबिर, आबिद, अनस रिजवान, सुल्तान और मुन्ना खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
भाजपा प्रत्याशी को वोट देने से नाराज थे आरोपी
पीड़ित पक्ष का कहना है कि उन्होंने इस बार के निकाय चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी को वोट किया था। जबकि आरोपी पक्ष की महिला भी चुनावी मैदान में थी। इस चुनाव में आरोपी पक्ष की महिला की हार हो गई थी। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष उनसे नाराज थे। इसी बात को लेकर आरोपी पक्ष ने एक राय होकर पीड़ित पक्ष के मुसैफ पर जानलेवा हमला किया है। घटना को अंजाम देकर आरोपी पक्ष घर से फरार है। वहीं घटना को देखते हुए कस्बे में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
कोतवाली प्रभारी संजीव सिंह का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर दूसरे पक्ष के 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जिनको गिरफ्तार करने के लिए टीम जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।