नई दिल्ली। मायापुरी थाना क्षेत्र में झपटमारी के एक आरोपित ने दिल्ली पुलिस के एएसआइ पर चाकू से वार करके उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल एएसआइ का नाम शंभु दयाल है। पुलिस ने आरोपित अनीस को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में प्राथमिकी की गई है।
जानें पूरा मामला
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार दिन में चार बजे की है। एक महिला ने थाना पहुंचकर पुलिस को बताया कि उनके पति से बदमाश न मोबाइल झपट लिया है। थाने में यह मामला शंभु दयाल को सौंपा गया। वे महिला को साथ में लेकर उनके कहे अनुसार दिल्ली रेवाड़ी रेलवे लाइन की ओर गए। यहां झुग्गियों में महिला ने आरोपित को पहचान लिया। पलक झपकते ही शंभु ने उसे पकड़ लिया और उसे थाना ले जाने लगे।
बुलंदशहर में बंदरों के कारण सिपाही को गंवानी पड़ी जान
अचानक किया चाकू से वार
आरोप है कि उसने अपने पास चाकू छिपाया हुआ था। थाने के नजदीक मौका मिलते ही उसने अचनाक चाकू निकाला और शंभु पर वार करने लगा। उनके पेट, कमर, गर्दन सहित अनेक जगह चाकू से वार किया गया। तभी स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपित को काबू किया गया। फिलहाल शंभु करोलबाग स्थित निजी अस्पताल में भर्ती हैं। उपायुक्त घनश्याम बंसल का कहना है कि उनकी हालत अभी खतरे से बाहर है।