नयी दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिह और पूर्व सांसद पुतुल कुमारी की बेटी और राष्ट्रीय निशानेबाज श्रेयसी सिह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गयीं। भाजपा के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में उनका स्वागत किया। श्रेयसी के साथ उनकी मां भी मौजूद थीं। श्रीमती पुतुल कुमारी पहले ही भाजपा में शामिल हो चुकीं हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में निर्दलीय चुनाव लड़ने के कारण उन्हें निलंबित किया गया था। आज उनका निलंबन भी समाप्त हो गया।
इस मौके पर बिहार के चुनाव प्रभारी देवेन्द्र फडनवीस, बिहार के प्रभारी महासचिव भूपेंद्र यादव, महासचिव अरुण सिह भी इस अवसर पर मौजूद थे। समझा जाता है कि श्रेयसी सिह बांका की अमरपुर सीट या फिर जमुई विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं। श्रेयसी ने 2०18 राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा उन्होंने 2०14 के ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में निशानेबाजी की डबल ट्रैप स्पर्धा में रजत पदक जीता था। खेलों में श्रेयसी योगदान को देखते हुए उन्हें अर्जुन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।
श्रेयसी मैक्सिको में अकापुल्को में आयोजित 2०13 ट्रैप शूटिग वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा थी। उनके पिता भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के अध्यक्ष रहे थे। बिहार के जमुई जिले से आने वाली श्रेयसी का राजनीति में यह पहला पड़ाव है। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान जमुई से वर्तमान में सांसद हैं। श्रेयसी के पिता दिग्विजय सिह अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वर्ष 1998 में केंद्रीय मंत्री रहे थे।