लखनऊ। इटौंजा के असनहा गांव में डीजे पर डांस करने को लेकर दो पक्षों में बुधवार देर रात खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडों के साथ पथराव हुआ और चापड़, फावड़े चले। खूनी संघर्ष में दोनों ओर से करीब 20 लोग घायल हो गए। घायलों को क्षेत्र स्थित अस्पताल ले जाया गया। जहां, से दो की हालत नाजुक देख उन्हें ट्रामा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों ओर से दो-दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
असनहा गांव में रहने वाले ग्रामीण कौशल के पौत्र आशीष और पौत्री सारिका के मुंडन संस्कार का आयोजन बुधवार को हो रहा था। घर के बाहर डीजे लगा था। घर के लोग और रिश्तेदार डांस कर रहे थे। वहीं, कार्यक्रम स्थल के सामने गांव के ही रत्नेश, शिव कुमार, बबलू, धनीराम और अंकित रविदास मंदिर में भंडारे का आयोजन कर रहे थे।
महिलाओं से की अभद्रता
कौशल का आरोप है कि दूसरे पक्ष से अंकित, बबलू, मोहित, रिंकू डीजे पर आकर डांस करने लगे। विरोध किया तो गाली-गलौज करने लगे। इस बीच घर की महिलाएं शौंच के लिए जा रही थी। अंकित व उसके साथियों ने रोककर उनसे अभद्रता शुरू कर दी। विरोध पर अंकित और उसके साथियों ने हमला बोल दिया। शोर सुनकर अंकित पक्ष से अन्य लोग भी आ गए। उनके हाथ में लाठी-डंडे, चापड़ और फावड़े थे।
दोनों तरफ हुआ पथराव
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बवाल बढ़ता देख कौशल पक्ष के लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। गांव में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। भगड़द के दौरान कई लोग गिरने से चोटिल हो गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। हमले में कौशल की ओर से प्रेमा, कौशल, शर्मा, मानसी, रजनी, शैलेंद्र, मोनिका, हरदेई, राजकुमार समेत कई अन्य लोग घायल हुए। वहीं, दूसरे पक्ष से शिवरानी, गोल्डी, आकांक्षा, राजरानी, रोली, शिवकुमार, शानू घायल हुए। बवाल की सूचना पर पुलिस पहुंची।
दोनों पक्ष से दो-दो गिरफ्तार
पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। दिनेश और रजनी की हालत नाजुक देख उन्हें ट्रामा रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इंस्पेक्टर इटौंजा रवींद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं, दोनों पक्षों से दो-दो हमलावरों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।