ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली क्षेत्र स्थित लडपुरा गांव के समीप दिल्ली पुलिस के सिपाही दीपक निवासी सादुल्लापुर ने अपने जीजा को तीन गोली मारीं। एक गोली हथेली, दूसरी जांघ व तीसरी कंधे पर लगी है। घायल अवस्था में नवीन को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है जल्द ही आरोपितों को धर दबोचा जाएगा।
दरअसल, सादुल्लापुर गांव निवासी दीपक की बहन की शादी अस्तौली गांव निवासी नवीन से हुई थी। दीपक की बहन ने वर्ष 2020 में आत्महत्या कर ली थी। महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पति नवीन पर मुकदमा दर्ज हुआ, वह जेल भी गया था। नवीन के तीन बच्चे, दो बेटे व एक बेटी है। पांच वर्षीय बेटा युवराज कई दिनों से अपने ननिहाल पक्ष (दीपक) की कस्टडी में था।
नवीन ने बेटे को वापस पाने के लिए कोर्ट में केस किया था। बृहस्पतिवार को दोनों पक्ष के अधिवक्ताओं ने बेच्चे को वापस नवीन को सौंपने का समझौता कराया। तय हुआ कि लडपुरा गांव में बच्चे को वापस सौंपा जाएगा। नवीन अपने बच्चे युवराज को लेने पहुंचा था तभी मोटरसाइकिल से आए आरोपितों ने उसको तीन गोलियां मारी। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक कुल 12 राउंड फायरिंग की गई है। घटना के दौरान नवीन कार में सवार था। वहीं डाक्टरों के मुताबिक नवीन की हालत खतरे से बाहर है।
साइबर सेल में तैनात है दीपक
ग्रेटर नोएडा के सादुल्लापुर गांव निवासी दीपक वर्तमान में दिल्ली की साइबर सेल में तैनात है। जीजा नवीन पर गोली चलाने के मामले में उस पर नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के दौरान दीपक कहा था।
मच गई भगदड़
लडपुरा गांव में मार्केट के समीप ताबड़तोड़ गोली चलते ही भगदड़ मच गई। सड़कों पर मौजूद लोग घरों की तरफ भागने लगे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही राहगीरों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचा दिया गया।
डीसीपी (ग्रेटर नोएडा) अमित कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया जांच में जीजा-साले के बीच विवाद की बात प्रकाश में आई है। हर कोण से मामले की जांच की जा रही है।