नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हिंसा के मुख्य आरोपित के घर बुलडोजर चलाने के बाद जेएनयू के छात्र यूपी सरकार के खिलाफ सड़क पर उतर आए। उन्होंने दिल्ली में यूपी भवन के पास विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के थोड़ी ही देर बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। छात्रों ने फ्रेटरनिटी मूवमेंट का पोस्टर हाथों में लिया हुआ था। विरोध प्रदर्शन में एक छात्र जामिया मिलिया इस्लामियां यूनिवर्सिटी की छात्रा लदीदा फर्जाना भी शामिल थी। ये छात्रा सीएए के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल हुई थी
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यूपी सरकार मुस्लिमों के घरों को टारगेट कर बुलडोजर चला रही है। पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है। जब प्रदर्शन करने वालों से उनके बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वो जेएनयू से हैं।
रविवार को चला साजिशकर्ता के घर बुलडोजर
प्रयागराज में रविवार को उपद्रव के मुख्य साजिशकर्ता जावेद मोहम्मद उर्फ जावेद पंप के अवैध बने दोमंजिला मकान को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। इस दौरान जावेद के घर से कई अहम दस्तावेज मिले हैं। जावेद की जेएनयू में पढ़ रही बेटी का नाम भी साजिश से जोड़ा जा रहा है, जो सीएए विरोधी हिंसा में भी शामिल बताई जा रही है। कानपुर व कई अन्य जिलों में भी असामाजिक तत्वों पर ऐसी ही कार्रवाई हुई।
कानपुर की हिंसा की साजिश मामले में स्थानीय डी-2 गैंग का नाम भी सामने आया है। पूछताछ में मास्टरमाइंड जफर हयात हाशमी ने डी-टू गैंग (जिलास्तर पर दूसरे नंबर का गिरोह) के कुख्यात अपराधी अफजाल और बाबर का नाम लिया है। इस पर शिकंजा कसा जा रहा है।
जावेद मोहम्मद उर्फ जावेद पंप की बड़ी बेटी आफरीन फातिमा जेएनयू की पूर्व छात्रा रही है। उसका विवादों से गहरा नाता रहा है। पढ़ाई करने के दौरान गत कुछ वर्षो में वह जेएनयू और इससे बाहर होने वाले हर देश विरोधी गतिविधियों में हिस्सा लेती रही है।
नूपुर शर्मा का मामला
भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा द्वारा एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर विवादित बयान दिए जाने के बाद मुस्लिम समुदाय में आक्रोश बढ़ गया था। इस दौरान मामले में अरब देशों द्वारा भी प्रतिक्रिया आई थी। विवाद बढ़ने के बाद भाजपा ने उनकी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता वापस ले ली। भाजपा की सेंट्रल डिसीप्लिनरी कमेटी (Central Disciplinary committee) ने नूपुर शर्मा के विचारों का हवाला देते हुए विभिन्न मामलों पर पार्टी की स्थिति के विपरीत उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निलंबित कर दिया है।
विवाद यहां भी नहीं थमा। इस दौरान पिछले शुक्रवार को जुमे की नजाम के बाद देशभर में कई जगहों पर नूपुर शर्मा की गिरफ्तारी के लिए विरोध प्रदर्शन हुए। इस दौरान यूपी, पश्चिम बंगाल, समेत कई राज्यों में हिंसा भड़क उठी। कानपुर, प्रयागराज और सहारनपुर में पत्थरबाजी हुई थी। इसके बाद यूपी पुलिस ने सख्त एक्शन लिया। प्रयागराज में पुलिस की जांच में हिंसा का मुख्य आरोपित जावेद मोहम्मद निकला। इसके बाद पुलिस ने आरोपित पर कड़ी कार्रवाई की।