गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के मोरटा गांव में सोमवार देर रात कुत्ते के भौंकने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के पिता व उनके दो बेटों को गोली मार दी। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित पक्ष ने आरोपितों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को हिरासत में लेकर तमंचा बरामद कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विजयनगर निवासी सुशील मोरटा गांव में गोवंश का पालन करते हैं। चार दिन पूर्व उनका सदरपुर निवासी शिवम व सत्यम से कुत्ते के भौंकने को लेकर विवाद हुआ था। गांव के लोगों ने दखल देकर उनका विवाद समाप्त करा दिया था। सोमवार रात इसी बात को लेकर फिर विवाद हो गया। इस पर आरोपित सत्यम व शिवम ने सुशील व उनके दो बेटों तरुण व अरुण पर फायरिंग कर दी। सुशील की कमर व अरुण और तरुण के पेट के बराबर में गोली लगी।
घटना से गांव में अफरा-तफरी का महौल हो गया। आनन-फानन में तीनों को संजयनगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुशील की पत्नी कुंतेश ने सत्यम व शिवम को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर तमंचे बरामद किए हैं। मधुबन बापूधाम थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।