नई दिल्ली। न्यू उस्मानपुर इलाके के यमुना खादर क्षेत्र में रात के समय आपराधिक वारदात करने वाले सलवार सूट वाले गिरोह के बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया। शुक्रवार रात को पुलिस सादे कपड़ों में बदमाशों को पकड़ने के खादर के जंगल में गई थी, तभी बदमाशों ने पुलिस पर गाेलियां चला दी।जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई।
पुलिस की गोली पेट में लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग गए। घायल बदमाश को जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे लोक नायक अस्पताल रेफर किया गया। जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान आकाश उर्फ इलू (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने जंगल में तलाशी अभियान चलाकर इसके तीन साथी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान मोनू उर्फ चीनी, विशाल उर्फ राहुल नेगी और निखिल के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, एक चाकू, लूट के आठ मोबाइल व अन्य सामान बरामद किया है।
जिला पुलिस उपायुक्त संजय कुमार सेन ने बताया कि खादर क्षेत्र के आसपास कई वारदात ऐसी हुई जिसमें बदमाश महिला के भेष में लोगों से लूटपाट कर रहे थे। शुक्रवार रात को इंस्पेक्टर प्रभांशु, एसआइ नितिन, कांस्टेबल राजीव व अन्य को सादे कपड़ों में खादर के आसपास तैनात किया गया। उस्मानपुर पांचवे पुश्ते पर तैनात पुलिसकर्मियों को एक युवक घायल हालत खादर में से आते हुए दिखाई दिया, पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि पांच से छह बदमाशों ने उसपर हमला कर मोबाइल लूट लिया।
पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल भेजा। पुलिसकर्मी खादर में करीब डेढ़ किलोमीटर अंदर जंगल में पहुंच गए, जहां कुछ संदिग्ध बैठे हुए थे। पुलिस ने उन्हें बाहर आने के लिए कहा, इतने में बदमाशों ने पुलिस पर दो राउंड गोलियां चला दी। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने को कहा तो उन्होंने फिर से पुलिस पर गोलियां चला दी। एसआइ नितिन ने आत्मरक्षा में गोली चला दी।
गोली बदमाश आकाश को जा लगी। अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने जंगल से उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया। पुलिस को जांच में पता चला कि पकड़े गए निखिल और माेनू खादर के आसपास से गुजरने वाले लोगों को आकर्षित करने के लिए महिला के भेष में सड़क पर खड़े रहते थे, उन्हें अपने जाल में फंसाकर खादर में ले जाते थे।
जहां पहले से उनके साथी बैठे रहते थे। पीड़ित के साथ लूटपाट कर लेते थे। मरने वाला आकाश न्यू उस्मानपुर इलाके का घोषित बदमाश है, उसपर सात आपराधिक केस दर्ज थे। कुछ महीने पहले ही वह जेल से जमानत पर बाहर आया था। उसके साथी विशाल पर छह केस दर्ज हैं।
पुलिस की पीसीआर वैन पर किया था हमला
छह जुलाई की रात को बदमाशों ने लूट की वारदात नाकाम होने पर पुलिस की पीसीआर वैन पर पथराव किया था, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हुआ था। पुलिस को जांच में पता चला इन्हीं बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था।