नई दिल्ली। दिल्ली के पश्चिमी जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल ने नशा तस्करी मामले में एक नाइजीरियाई मूल के संडे ओकेके उगवोके नामक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से 1.01 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत ढाई करोड़ रुपये है। आरोपित के खिलाफ निहाल विहार थाने में मामला दर्ज किया गया है।
बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेंद्र सिंह ने बताया कि सात अप्रैल को एंटी नारकोटिक्स सेल को सूत्रों से जानकारी मिली थी कि संडे नामक अफ्रीकी मूल का व्यक्ति निलोठी एक्सटेंशन,शिव विहार में अफ्रीकन रसोई चलाता है और उसी की आड़ में वह दिल्ली व दिल्ली एनसीआर में नशा तस्करी का काम भी करता है। जानकारी के आधार पर टीम ने छापेमारी कर आरोपित को उसके घर के पास ही दबोचने में कामयाबी हासिल की। मामले में पुलिस आरोपित को हेरोइन की आपूर्ति करने वाले नाइजीरियाई नागरिक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
मेडिकल वीजा पर भारत आया था आरोपित
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह जनवरी 2020 में तीन महीने के लिए मेडिकल वीजा पर भारत आया था। यहां चंद्र विहार में रह रहे उसके दोस्त केनेचिकवु ने उसे चंद्र विहार में एक अफ्रीकी रसोई में नौकरी खोजने में मदद की। इन रसोई घरों में अफ्रीकी भोजन और पेय परोसे जाते हैं, जहां काफी संख्या में अफ्रीकी लोग आते हैं। रसोई में काम करते-करते संडे को अफ्रीकियों के बीच नशीले पदार्थ खरीदने व बेचने की जानकारी हो गई। बाद में, उसने शिव विहार में भूतल पर एक फ्लैट किराए पर लिया और एक अफ्रीकी रसोई को स्वतंत्र रूप से संचालित करने लगा। जबकि उसका दोस्त केनेचिक्वु अगस्त 2022 में नाइजीरिया लौट आया था।
नोएडा में पकड़ी गई सबसे बड़ी गांजे की खेप, 700 किलो गांजा बरामद, कीमत 1.5 करोड़ से ज्यादा, 5 गिरफ्तार
नशीली दवाओं को आपूर्तिकर्ता को सौंप भाग जाते है अपने देश
संडे ने बताया कि कई नाइजीरियाई बहुत कम समय के लिए भारत आते हैं। यहां वे नशे की तस्करी करते हैं। दिल्ली व दिल्ली एनसीआर में नशीली दवाओं को आपूर्तिकर्ताओं को सौंपने के बाद वे जल्दी से वापस नाइजीरिया लौट जाते हैं। आरोपित के पास से बरामद हेरोइन को उसने उगोचुकवु नामक एक नाइजीरियाई से खरीदा था। आरोपित इससे पूर्व जिस अफ्रीकी रसोई में काम करता था, वहां उसकी मुलाकात उगोचुकवु से हुई थी।आरोपित मेडिकल वीजा समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से भारत में रह रहा था।आरोपित के पासपोर्ट की भी जांच की जा रही है।