गाजियाबाद। विजयनगर थाना क्षेत्र के साउथ साइट औद्योगिक क्षेत्र स्थित थर्माकोल पैकेजिंग फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं और धुएं का गुबार निकल रहा था। मौके पर पहुंची दमकल की 10 गाड़ियों ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
इस घटना में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। आग से फैक्ट्री में रखा लाखों का माल जलकर राख हो गया। प्रथम दृष्टया आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
सेक्टर 138 स्थित झुग्गियों में लगी भीषण आग, 30 झुग्गियां जलकर हुई राख
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि साउथ साइट औद्योगिक क्षेत्र में विनोद सचदेवा की प्रकाश पैकेजिंग के नाम से फैक्ट्री है। हादसे के समय फैक्ट्री में कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था। लंच ब्रेक होने के कारण सभी कर्मचारी बाहर खाना खाने गए हुए थे। इस दौरान हादसा हुया। दोपहर करीब डेढ़ बजे आग लगी हुई देखकर दमकल विभाग को सूचना दी गई।
फैक्ट्री में थर्माकोल होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरी फैक्ट्री को चपेट में ले लिया। राहुल पाल का कहना है कि आग बढ़ती हुई देखकर आसपास की फैक्ट्रियों में भी आग फैलने का खतरा था। इसके चलते आसपास की फैक्ट्रियों को भी खाली कराया गया। इसके बाद फैक्ट्री को चारों तरफ से घेरकर पानी बरसाकर आग पर काबू पाया गया। मौके पर फोम टेंडर मंगाया गया लेकिन इसकी आवश्यकता नहीं पड़ी।