ग्रेटर नोएडा। 12वीं फेल तांत्रिक ने एनआरआइ को अपने जाल में फंसाकर बंधक बना लिया। इसके बाद हृदय रोग ठीक करने के नाम पर उनसे तीन करोड़ रुपये ठग लिए। पीडि़त की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने एनआरआइ को मुक्त कराकर तांत्रिक सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया, इसमें एक महिला भी शामिल है।
इसी महिला व अपनी पत्नी की मदद से वह लोगों को जाल में फंसाता था। तांत्रिक के पास पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अलग-अलग शहरों में 42 फ्लैट और दो रेस्टोरेंट हैं। ये लोग ठगी की रकम से प्रापर्टी का काम भी कर रहे थे। डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मियां खान ने बताया कि अमेरिका में रहने वाले मूल रूप से अमृतसर निवासी संजय शर्मा की पत्नी किरण शर्मा ने शुक्रवार को पुलिस को शिकायत दी थी।
पुलिस ने एनआरआइ सिटी सोसायटी से संजय शर्मा को आरोपितों के चंगुल से मुक्त कराया। पुलिस ने मौके से जिगर कालोनी मुरादाबाद निवासी तांत्रिक फैजान, हिमांशु और उसकी पत्नी मोनी एवं गजरौला (अमरोहा) के विशाल को गिरफ्तार किया है।
आज का पंचांग, 9 April 2023: आज के शुभ- अशुभ योग और मुहूर्त, आज का राहुकाल
पुलिस को फैजान की पत्नी जोहा और एक अन्य आरोपित जोशी की तलाश है। आरोपितों के कब्जे से एक लैपटाप, पीडि़त की दो चेक बुक, पीड़ित के हस्ताक्षर किए ढाई-ढाई लाख रुपये के दो चेक, बच्चों के मनोरंजन वाले 1139 नोट मिले हैं। इन नोटों पर 1400 रुपये लिखा है। आरोपित इन रुपयों को असली नोटों के बीच रखकर चला रहे थे।
हिमांशु व मोनी ने ऐसे जाल में फंसाया
एनआरआइ सोसायटी में संजय के घर के पास ही तांत्रिक फैजान रहता था, जबकि हिमांशु व उसकी पत्नी दिल्ली के मंडावली में रहते थे। तांत्रिक के इशारे पर साजिश के तहत एक दिन नोएडा के गार्डन गलेरिया माल में हिमांशु और उसकी पत्नी मोनी संजय से मिले।
दोनों ने उन्हें बताया कि उनके गुरु मोहम्मद फैजान तंत्र विद्या से सभी बीमारियों का इलाज करते हैं। इसके बाद दोनों उनके साथ फ्लैट पर पहुंच गए। कुछ देर बाद वहां तांत्रिक फैजान और विशाल भी पहुंच गए। चारों ने फ्लैट में ही डेरा डाल लिया और तंत्र विद्या से इलाज के नाम पर रुपये ऐंठने शुरू कर दिए। इसके बाद चारों ने उसी फ्लैट में संजय को बंधक बना लिया और दस माह में करीब तीन करोड़ रुपये ठग लिए।
संजय ने बताया कि आरोपितों ने अप्रैल 2022 से लेकर फरवरी 2023 तक करीब 2.75 करोड़ रुपये ट्रांजेक्शन कराए थे। इसके साथ ही 35 हजार डालर (करीब 28 लाख रुपये) नकद दिए गए। इस बीच कई बार उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।
ऐसे हुआ पर्दाफाश
पुलिस के मुताबिक संजय शर्मा से फोन पर बात करते समय पत्नी किरण को शक हुआ। इस उन्होंने पति से इलाज कहां और कैसे चल रहा है। उसके बारे में पूछताछ शुरू कर दी। इसी बीच ठगों ने फोन काट दिया। इसके बाद किरण ने अमेरिका से ही नोएडा पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी देकर पति की जान बचाने की गुहार लगाई।