गोंडा। पेट दर्द का इलाज कराने गई एक महिला को झोलाछाप ने इंजेक्शन लगाकर दुष्कर्म किया। इंटरनेट मीडिया पर इसका वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। महिला की तहरीर पर झोलाछाप के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी जांच शुरू कर दी है।
बीते 25 को इलाज कराने के लिए झोलाछाप के क्लीनिक पर गई थी महिला : प्रकरण दो पक्ष से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। विशुनापुर बाजार में झोलाछाप मुहम्मद अजमल अपनी एक क्लीनिक चलाता है। महिला का कहना है कि वह बीते 25 अक्टूबर को इलाज कराने के लिए उसकी क्लीनिक पर गई थी। पहले उसने कोई दवा नहीं दी। इसके बाद उसने कहा कि आपको इंजेक्शन लगाना पड़ेगा।
इंजेक्शन लगाने के बाद झोलाछाप ने महिला से दुष्कर्म भी किया : इस दौरान झोलाछाप महिला से छेड़छाड़ करने लगा। इंजेक्शन लगाने के बाद उसने दुष्कर्म भी किया। इंजेक्शन बेहोश करने या फिर नशे वाला माना जा रहा है। इस पूरी घटना का इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है। इसे लेकर दो पक्षों में तनाव बढ़ने लगा है।
मौके से फरार हो गया आरोपित : सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम सहित अन्य अधिकारी क्लीनिक पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने के पहले आरोपित मौके से फरार हो गया। सीओ ने कहा कि क्लीनिक संचालक प्रथम दृष्टया झोलाछाप है। उसकी जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कहा गया है।
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगाईं गईं पुलिस की टीमें : सीओ ने कहा कि पेट दर्द का इलाज कराने गई महिला को लगाया गया इंजेक्शन किस चीज का था, इसका जवाब जांच के बाद दिया जा सकेगा। महिला को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गईं हैं। संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।