ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित सोसायटी में रहने वाली महिला भावना रस्तोगी ने ससुराल पक्ष के लोगों पर चार साल तक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पांच बार महिला का गर्भपात भी हुआ। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसकी अश्लील फोटो खींची और वायरल करने की धमकी दी।
तलाक देकर 20 लाख में करेगा दूसरी शादी
महिला से पति ने कहा कि वह उसको तलाक देकर 20 लाख में दूसरी शादी करेगा। परेशान होकर पीड़िता ने मामले की शिकायत महिला आयोग में की। अब ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि महिला के पति ने उसकी सहेली को अश्लील मैसेज भी किए।
4 साल पहले हुई थी शादी
दर्ज कराई गई रिपोर्ट में भावना ने कहा है कि उनकी शादी 4 साल पहले सुमित से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही भावना का उसके ससुराल पक्ष के लोग उत्पीड़न करते थे। उसके पति ने उसके साथ मारपीट की विरोध करने पर धमकी भी दी। आरोप है कि महिला को दो बार जान से मारने का प्रयास भी किया गया।
एक बार महिला घर पर थी तो उसका पति गैस जली हुई छोड़कर चला गया था। महिला की मां ने हस्तक्षेप कर मामले को सुलझाने की कोशिश की तो आरोपी पति ने उनके साथ भी गलत व्यवहार किया। मामले में पीड़िता की शिकायत पर पति सुमित, देवर चंदन, ननद पद्मिनी और सास ससुर के खिलाफ पुलिस ने दहेज उत्पीड़न की धारा में मुकदमा दर्ज किया है।