नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में बदमाशों का दुस्साहस बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार देर शाम चार बदमाशों ने चाकू की नोक पर मिनी बस में सवार यात्रियों को बंधक बना लिया। चलती बस में चाकू की नोक पर दस सवारियों से मोबाइल, पर्स व गहने लूटने के बाद बदमाश फरार हो गए।
पुलिस ने दो लोगों को लिया हिरासत में
इस वारदात के होने से इलाके में दहशत है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। लेकिन, राजधानी की सड़क पर इतनी बड़ी घटना होने से पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। पीड़ित राजेन्द्र वेस्ट विनोद नगर में रहते हैं। वह नोएडा की कंपनी में काम करते हैं। शुक्रवार शाम को वह मयूर विहार में एक मिनी बस में वेस्ट विनोद नगर के लिए बैठे थे।
चांद सिनेमा के पास बस में सवार हुए चार युवक
यह बस कल्याणपुरी होते हुए शाम सात बजे चांद सिनेमा के पास पहुंची, तभी उसमें चार युवक सवार हुए। कुछ दूर चलते ही इन युवकों ने चाकू निकाल लिए और जान से मारने की धमकी देकर सवारियों से लूटपाट करने लगे। जिसने विरोध करने का प्रयास किया उनके गले पर चाकू लगा दिया।
बदमाशों के सिर पर था खून सवार
पीड़िता ने बताया कि लूटपाट करने वाले चारों बदमाशों के सिर पर खून सवार था। करीब एक किलोमीटर तक बस में लूटपाट होती रही, बदमाशों ने उनका मोबाइल लूट लिया। लूटपाट के बाद बदमाशों ने एलबीएस अस्पताल के पास बस रुकवाई और फरार हो गए।
इस वारदात में दस यात्रियों से लूटपाट हुई है, जिसमें से चार महिलाएं हैं। इनके मोबाइल, पर्स और गहने लूटे गए हैं। जिस मिनी बस में लूटपाट हुई वह मयूर से सीलमपुर जाती है। इस घटना को लेकर पूर्वी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने चुप्पी साधी हुई है।