नई दिल्ली। इलाहाबाद और राजस्थान समेत छह हाई कोर्ट में शुक्रवार को मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति कर दी गई। इन सभी न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश गत दो नवंबर को सुप्रीम कोर्ट कलेजियम ने की थी। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने नियुक्तियों की घोषणा एक्स पोस्ट में की।
चक्रधारी शरण सिंह को ओडिशा हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त
राजस्थान हाई कोर्ट के न्यायाधीश अरुण भंसाली को इलाहाबाद हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। राजस्थान हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश मनिंद्र मोहन श्रीवास्तव को राजस्थान, पंजाब व हरियाणा हाई कोर्ट की कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश रितु बाहरी को उत्तराखंड हाई कोर्ट, पटना हाई कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस चक्रधारी शरण सिंह को ओडिशा हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया।
जस्टिस सुनीता अग्रवाल गुजरात हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश
वहीं राजस्थान हाई कोर्ट के न्यायाधीश विजय विश्नोई को गुवाहाटी हाई कोर्ट और मद्रास हाई कोर्ट के न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन को मेघालय हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति दी गई। न्यायाधीश बाहरी के उत्तराखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ लेने के बाद देश के 25 हाई कोर्ट में से दो का नेतृत्व महिलाएं करेंगी। जस्टिस सुनीता अग्रवाल गुजरात हाई कोर्ट की मुख्य न्यायाधीश हैं।