साहिबाबाद। ट्रानिका सिटी थाना क्षेत्र के सुधीर एन्क्लेव, राम पार्क से दो माह से लापता अधेड़ की हत्या दूसरी पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। बहाने से उसे शामली लेकर जाकर दोनों ने वारदात को अंजाम दिया था। हत्या के दूसरे दिन उसके सिर को दराती से काटकर नदी में फेंक दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार करके मामले का राजफाश कर दिया है।
पुलिस उपायुक्त ग्रामीण रवि कुमार ने बताया कि सुधीर एन्क्लेव में राजेश गर्ग दूसरी पत्नी लाल देवी उर्फ बबीता के साथ रहते थे। ग्राम भिक्की माजरा थाना बाबरी जिला शामली का अक्षय उनके यहां दो साल से किराए पर रहता था। लाल देवी ने ट्रानिका सिटी थाने में 19 फरवरी को उसके लापता हाेने की सूचना दी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी।
इस बीच बुधवार को राजेश गर्ग की पहली पत्नी की बेटी दीपिका अग्रवाल ने लाल देवी व अक्षय पर पिता की हत्या करने की आशंका जाहिर करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके छानबीन शुरू की। बृहस्पतिवार को अक्षय और शुक्रवार को लाल देवी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने हत्या करके शव को ठिकाने लगाने की बात कबूल की।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में स्पा सेंटर में देह व्यापार का Video वायरल, देखिये पूरी खबर
संपत्ति विवाद को लेकर रची साजिश
रवि कुमार ने बताया कि दोनों हत्यारोपितों से पूछताछ की गई तो पता चला कि अक्षय करीब दो साल से राजेश के यहां किराए पर रहता था। उसका एक साल से उसकी पत्नी से संबंध हो गया था। राजेश गर्ग का 25 गज का मकान है। वह 74 गज का एक और प्लाट लेना चाह रहा था। लाल देवी दोनों संपत्तियों को अपने नाम कराना चाहती थी। राजेश संपत्तियों को पहली पत्नी की बेटी दीपिका के नाम करना चाहता था। इसी विवाद को लेकर लाल देवी ने अक्षय के साथ मिलकर उसकी हत्या करने की साजिश रची।
ईंट से कूच कर की हत्या
फरवरी को अक्षय का भांजा शामली के अस्पताल में भर्ती था। 17 फरवरी को अक्षय राजेश व लाल देवी के साथ भांजे को देखने के बहाने शामली गया। रात में लौटते समय ग्राम बहावड़ी थाना कोतवाली नगर शामली के पास खेत के किनारे ईंट से वार करके राजेश की हत्या कर दी। उसके मुंह में पन्नी व गले में रस्सी बांधकर गन्ने के खेत में फेंक दिया। वहां से अपने गांव भिक्की चला गया।
18 फरवरी की रात करीब 10 बजे दोनों घर से गन्ना काटने की दराती लेकर घटना स्थल पर पहुंचे। दराती से राजेश के सिर को धड़ से अलग किया। उसे पन्नी में रखकर बड़ौत में पुल से कृष्णा नदी में फेंक दिया। 19 फरवरी को ट्रानिका सिटी थाने आकर उसके लापता होने की सूचना दी। उन्होंने बताया कि हत्या में प्रयुक्त ईंट, दराती व बाइक बरामद हो गई है।
शामली में लावारिस में हुआ था अंतिम संस्कार
पुलिस ने बताया कि शामली पुलिस को उसी समय राजेश का शव का धड़ बरामद हो गया था। वहां की पुलिस ने शिनाख्त करने की कोशिश की थी लेकिन पहचान नहीं हुई थी। पुलिस ने उसका लावारिस में अंतिम संस्कार कर दिया था।