महोबा : कबरई के एक पहाड़ में काम करने के दौरान मजदूर फिसल कर नीचे आ गिरा। साथी मजदूर उसे गंभीर हालत में सीएचसी लेकर गए। यहां डाक्टर ने हालत गंभीर देख कर उसे महोबा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां से उसे कानपुर रेफर किया गया था, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई। स्वजन की ओर से अभी तक पुलिस में कोई तहरीर नहीं दी गई है।
बीते आठ फरवरी को गंज स्थित पहाड़ में दो मजदूरों की पहाड़ में काम करने के दौरान माटी और पत्थर गिरने से मौत हो जाने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि एक और मजदूर की शुक्रवार को पहाड़ से गिर कर मौत हो गई। इस मामले को पहाड़ संचालक दोपहर तक दबाए रहे।
पुलिस को भी घटना की सूचना देर से मिली। कबरई कस्बा के मोचीपुरा निवासी 55 वर्षीय हूबचंद्र पट्टा धारक राजेंद्र पालीवाल के यहां लौड़ा पहाड़ में मजदूरी करता था। बताते हैं शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे हूबचंद्र अन्य मजदूरों के साथ पहाड़ में होल करने का काम कर रहा था। वह बीच पहाड़ पर आने के लिए रस्सी पकड़ कर नीचे आ रहा था कि तभी हाथ से रस्सी फिसल जाने से वह करीब सौ फीट नीचे आ गिरा। साथ काम कर रहे मजदूरों ने अन्य कर्मचारियों को इसकी सूचना दी।
घायल को कबरई के सीएचसी लाया गया। यहां हालत में सुधार नहीं होता देख डाक्टर ने महोबा जिला अस्पताल भेजा। यहां से कानपुर रेफर किया गया था, लेकिन हमीरपुर के सुमेरपुर के पास मजदूर की मौत हो गई। स्वजन उसका शव वापस ले आए। जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।
अभी तक स्वजन ने इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी है। थाना प्रभारी बीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मजदूर की पहाड़ पर काम करते समय गिर कर मौत होने की जानकारी मिली थी, मौके पर जांच की गई और मजदूरों से तथा पहाड़ पट्टा धारक से भी जानकारी की गई है। मजदूर फिसल कर नीचे गिरा था तभी मौत हो गई।