बेंगलुरु। बेंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की पुलिस ने एयर फ्रांस 194 विमान से पेरिस से बेंगलुरु यात्रा कर रहे एक यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दरअसल, इस व्यक्ति ने हवा में विमान का इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश की थी। हालांकि, पुलिस ने बताया कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
लैंडिंग के चार घंटे पहले इमरजेंसी गेट खोलने की कोशिश
एयरलाइन प्रबंधन द्वारा दर्ज की गई शिकायत के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के रहने वाले 29 वर्षीय वेंकट मोहित अचारी अकेले यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बेंगलुरु में लैंडिंग से चार घंटे पहले विमान के आपातकालीन दरवाजे के लीवर को खोलने की कोशिश की। घटना 15 जुलाई रात 8 बजे की है। हालांकि, यह देखकर फ्लाइट क्रू ने प्रबंधन को रिपोर्ट सौंपी, जिसके आधार पर एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई।
Urfi Javed के साथ नशे में धूत लड़को ने की फ्लाइट में बतमीजी, एक्ट्रेस ने पोस्ट कर बताया हाल
इलाज के लिए बेंगलुरु जा रहा था यात्री
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “आरोपी नशे में नहीं था। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए उसने आपातकालीन दरवाजे का लीवर खोलने की कोशिश की। दरअसल, यात्री इलाज के लिए बेंगलुरु जा रहा था। अब उनका NIMHANS (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंसेज) में इलाज चल रहा है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
कई धाराओं के तहत मामला दर्ज
अचारी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 336 (मानव जीवन या दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए इतनी तेजी से या लापरवाही से काम करने के लिए कारावास की सजा) और विमान नियम, 1937 की धारा 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था।