नोएडा के सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-105 स्थित एक वृद्धाश्रम (Old Age Home) में रहने वाली अपनी मां से मिलने आए व्यक्ति की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मौत का कारणों अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सेक्टर-39 के थाना प्रभारी राजीव कुमार बालियान ने बताया कि दिल्ली में अशोक नगर निवासी सुनील शर्मा की मां सेक्टर 105 स्थित एक वृद्धाश्रम में रहती हैं। उन्होंने बताया कि वृद्धाश्रम का संचालन मनीषा सिंह करती हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि सुनील शर्मा शुक्रवार रात को अपनी मां से मिलने के लिए वृद्धाश्रम आए थे। मां के आग्रह पर वह रात को वृद्धाश्रम में ही रुक गए। बालियान ने बताया कि सुबह वृद्धाश्रम के लोगों ने उन्हें फर्श पर पड़ा देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि सुनील शर्मा की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम करवा रही है।