बस्ती। नगर पंचायत बभनान के महागौरी नगर वार्ड में एक 20 वर्षीय विवाहिता का शव छत की कुंडी से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, ससुर, जेठ व जेठानी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
नगर पंचायत बभनान के बाबा बागेश्वर नगर वार्ड निवासी सूरज लाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसने पुत्री साक्षी का विवाह 22 अप्रैल 2022 को बभनान के महागौरी वार्ड निवासी भाजपा नेता राधेश्याम कमलापुरी के पुत्र के रुबल कमलापुरी के साथ किया था।
10 बिस्वा जमीन की मांग को लेकर करते थे प्रताड़ित
शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी पुत्री का शव दुपट्टे के सहारे कुंडी से लटका पाया गया। बताया कि पहले तो उसकी पुत्री का दाम्पत्य जीवन कुछ दिन सुखमय व्यतीत हुआ। बाद में ससुरालियों ने दहेज में 10 बिस्वा जमीन की मांग करते हुए उसकी पुत्री को प्रताड़ित करने लगे। उसकी पुत्री, उन्हें व अपनी मां को फोन पर आए दिन प्रताड़ित किए जाने की जानकारी देती थी।
शनिवार को जब उसके मौत की सूचना मिली तो स्वजन स्तब्ध रह गए। दिवंगत के पिता ने आरोप लगाया कि उसे आशंका है कि दहेज के लिए ही ससुरालियों ने उनके पुत्री की हत्या की है।
पुलिस ने ससुरालियों के विरूद्ध दर्ज किया मुकदमा
तहरीर के आधार पर पुलिस पति रुबल कमलापुरी, ससुर राधेश्याम कमलापुरी, जेठ दीपक व जेठानी के विरुद्ध दहेज हत्या व दहेज उत्पीड़न की धारा में मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है। प्रभारी निरीक्षक गौर ब्रजेंद्र पटेल ने बताया कि मौत का स्पष्ट कारण जानने के लिए शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।