नोएडा। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में महिला को दो माह तक बंधक बनाकर रखा गया। इंटरनेट मीडिया पर शादी का झांसा देने के बाद महिला अपने प्रेमी से मिलने पहुंची थी। आरोप है कि आरोपित ने बंधक बनाकर दो माह तक लगातार दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
शुक्रवार रात महिला की हत्या करने के लिए उसे क्षेत्र के सक्का गांव के जंगल में ले जाया गया, लेकिन पुलिस आने की आशंका के कारण हत्या नहीं कर सके। बाद में महिला गाड़ी से उतरकर एक घर में घुस गई, जिससे उसकी जान बच सकी। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस महिला को कोतवाली ले आई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
पति से नाराज होकर अलग रह रही महिला
गाजियाबाद की रहने वाली एक महिला का अपने पति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। पति से नाराज होकर महिला अपने दो बच्चों व पति को छोड़कर अलग रह रही थी। कुछ समय पहले महिला की जान पहचान सोशल मीडिया के एक प्लेटफॉर्म के माध्यम से दनकौर क्षेत्र के एक गांव के युवक से हो गई।
युवक ने महिला को शादी का झांसा दिया, जिसके बाद महिला मिलने के लिए उसके गांव पहुंच गई। आरोप है कि आरोपित विगत दो माह से बंधक बनाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दे रहा था। महिला ने आरोपित के चंगुल से छूटने की काफी कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सकी।
लाइट जलती गाड़ी के कारण आरोपी फरार
महिला का कहना है कि आरोपित अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसे जान से मारने के इरादे से स्विफ्ट कार में बैठाकर दनकौर क्षेत्र के सक्का गांव के जंगल में ले गया। यहां महिला की हत्या करने ही वाले थे कि पुलिस जैसी लाइट जलती किसी व्यक्ति की गाड़ी आ गई, जिसको देखकर आरोपित भाग खड़े हुए।
महिला को गाड़ी में बैठाकर सक्का गांव के अंदर से गुजर रहे थे कि अचानक महिला चलती गाड़ी से कूद गई व एक ग्रामीण के घर में घुस गई। रात करीब साढ़े दस बजे महिला को घर में घुसते देख लोग घबरा गए, लेकिन जल्द ही स्थिति को भांपते हुए महिला को सुरक्षित किया। इस दौरान दो गाड़ियों में सवार आरोपित मौके से भागने में कामयाब हो गए।
रात एक बजे के करीब पहुंची पुलिस
ग्रामीण ने बताया कि महिला पूरी तरह से कांप रही थी, जिसके कारण डायल 112 को मामले की जानकारी दी गई। सूचना के दो घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद डायल 1076 पर संपर्क किया गया। रात करीब एक बजे पुलिस मौके पर पहुंची व पूछताछ के बाद महिला को कोतवाली ले आई।
बाद में महिला के स्वजन को मामले की जानकारी दी गई। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।