नई दिल्ली: हम हमेशा से ये सुनते आए हैं कि पुत्र कुपुत्र हो सकता है लेकिन माता ‘कुमाता’ नहीं हो सकती। लेकिन देश की राजधानी से एक ऐसी महिला की खबर आई है जिसने दूसरी शादी के जुनून में अपने दो बच्चों को रास्ते में छोड़ने से पहले एक बार भी नहीं सोचा।
महिला का प्रेमी उसके बच्चों को साथ नहीं रखना चाहता था तो महिला ने अपने दो मासूम बच्चों को एक बस स्टैंड पर छोड़ दिया और वहां से चली गई। उसने एक बार भी मुड़कर उनकी ओर नहीं देखा। इतना ही नहीं जब पुलिस तक यह बात पहुंची और उसने बच्चों के बारे में पूछा तो उसने कह दिया कि मैंने बच्चों की हत्या कर दी है। पढ़ें इस निर्दयी मां की पूरी कहानी…
जानकारी के अनुसार, गत 20 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली की एक फ्लैट से भीषण बदबू आ रही है।
पुलिस मौके पर पहुंची तो आसपास के लोगों ने बताया कि यहां फ्लैट में एक महिला अपने दो बच्चों के साथ रहती है, लेकिन कई दिनों से दोनों बच्चे दिखाई नहीं दिए हैं। ऐसे में पुलिस टीम फ्लैट के अंदर दाखिल हुई। वहां पर महिला मिली।
फ्लैट की स्थिति ऐसी थी कि लग रहा था जैसे कई वर्षों से उसकी सफाई नहीं हुई है। महिला से उसके दोनों बच्चों के बारे में पूछताछ की गई तो उसने बताया कि उसका पति तीन वर्ष पहले उसे छोड़कर चला गया है।
उसके दो बच्चे हैं एक पांच वर्ष बेटा और एक दो वर्ष की बेटी है। वह एक युवक से प्रेम करती है, युवक दोनों बच्चों के वजह से शादी नहीं कर रहा था।
Aaj ka Panchang: आज के शुभ- अशुभ योग और मुहूर्त, देखें राहुकाल का समय
बार-बार बदले बयान
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शुरुआत में महिला ने बताया कि उसने दोनों बच्चों की हत्या कर दी है। फ्लैट के अंदर काफी तलाशी ली गई लेकिन वहां कोई शव नहीं मिला। महिला से फिर से गहनता से पूछताछ की गई, फिर उसने बताया कि दोनों बच्चों को सिविल लाइन स्थित अनाथ आश्रम में छोड़ दिया है।
पुलिस अनाथ आश्रम पहुंची वहां पता चला कि महिला आश्रम तो आई थी, लेकिन बच्चों को वहां नहीं छोड़ा। पुलिस ने महिला के मोबाइल के जरिये उसकी लोकेशन निकाली तो पता चला कि 17 अप्रैल को वह आश्रम आई थी, लेकिन प्रवेश द्वार बंद होने के कारण वह अंदर नहीं जा पाई थी।
ऐसे में वह बच्चों को पास के बस स्टैंड पर छोड़ कर फरार हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने बच्चों की तलाश शुरू की। सूचना मिली की दोनों बच्चे सीताराम बाजार में एक परिवार के पास हैं। गत रविवार को परिवार दोनों बच्चों को लेकर बुराड़ी थाने पहुंचा।
पिता को धक्का देकर कर दी थी हत्या
पुलिस सूत्रों ने बताया कि छह वर्ष पहले महिला ने अपने पिता को घर की सीढ़ियों से धक्का दे दिया था। इसमें उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में महिला पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज हुआ था। उसे इस मामले में कोर्ट द्वारा दोषी ठहराया गया। वह गत दो वर्ष जेल में रही। फिलहाल वह जमानत पर थी।