बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के दातागंज कोतवाली क्षेत्र के गांव भुडेली में बुधवार सुबह मामूली विवाद पर एक पति ने अपनी पत्नी और आठ माह की बेटी की कुल्हाड़ी से प्रहार कर हत्या कर दी। इसके बाद वहीं शव के पास बैठ गया।
मामले की जानकारी स्वजन ने पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उससे वजह पूछी जा रही है। लेकिन वह कुछ जवाब नहीं दे रहा है।
पत्नी से हुआ था विवाद
भुडेली गांव निवासी अखिलेश दिल्ली में मेहनत मजदूरी करता है। खेतीबाड़ी के चलते कुछ दिन पहले ही गांव लौटकर आया था। मंगलवार रात पत्नी खुशबू से अखिलेश का विवाद हुआ था। इसके बाद वह खेत चला गया।
https://sancharnews.in/a-young-man-reached-the-temple-to-offer-his-head/
बुधवार सुबह वह खेत से लौट कर आया और अपनी बहन से पत्नी के बारे में पूछा। पत्नी के कमरे में होने की जानकारी पर वह भी वहीं चला गया। जहां अखिलेश और उसकी पत्नी खुशबू के बीच लड़ाई शुरू हो गई। इसी बात से गुस्साए अखिलेश ने पास रखी कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी पर ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
पत्नी की गोद में थी बच्ची
खुशबू की गोद मे ही आठ माह की बच्ची सृष्टि भी थी। कुल्हाड़ी के प्रहार उसे भी लगे जिससे उसकी भी मौके पर ही मृत्यु हो गई। बेटी और पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपित अखिलेश वहीं बैठ गया। उसकी बहन ने ये सब देखकर आसपास के लोगों व पुलिस को बुलाया।
सूचना पर दातागंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उस समय अखिलेश शव के पास ही बैठा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोतवाली भेज दिया। उसे पत्नी का नहीं बल्कि बेटी की मृत्यु का अफसोस था। वारदात के पीछे अवैध संबंधों को भी माना जा रहा है। सूचना पर एसएसपी डॉ ओपी सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने भी आरोपित से पूछताछ की लेकिन वह कुछ बोल नहीं रहा।